पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का एक और मामला दर्ज किया गया है। इस बार उनके जिस बयान को लेकर मामला दर्ज हुआ है, वो बयान उन्होंने इस साल जनवरी में अपने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिया था। उत्तराखंड के हरिद्वार कोर्ट में आरएसएस कार्यकर्ता कमल भदौरिया द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। मामले की सुनवाई 12 अप्रैल को होगी।
9 जनवरी 2023 को हरियाणा के अंबाला में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि आरएसएस के सदस्य “21वीं सदी के कौरव” हैं। राहुल ने कहा था, “कौरव कौन थे? मैं आपको सबसे पहले 21वीं सदी के कौरवों के बारे में बताऊंगा। वे खाकी हाफ पैंट पहनते हैं, हाथ में लाठी और शाखा रखते हैं। भारत के 2-3 अरबपति कौरवों के साथ खड़े हैं।”
बता दें कि पिछले महीने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके “सभी चोरों के पास मोदी उपनाम” टिप्पणी के लिए एक मानहानि के मामले में दो साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। उन्हें भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के तहत सूरत की एक अदालत ने दोषी ठहराया था। सजा के बाद उन्हें लोकसभा सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
