AK-47 से उड़ा दूंगा…: लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने संजय राउत को दी जान से मारने की धमकी

शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता को जान से मारने की धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। धमकी भरे मैसेज में शख्श ने संजय राउत को हिंदू विरोधी बताया है और साथ ही कहा है कि ‘तेरा भी मूसेवाला जैसा हाल कर दूंगा’।

धमकी भेजने वाले ने मैसेज में लिखा है- “तू दिल्ली में मिल, तुझे एके-47 से उड़ा दूंगा। मूसेवाला हो जायेगा। सलमान और तू फिक्स’।” यह धमकी लोरेंस बिश्नोई के नाम से दी गई है। यह टैक्स्ट मैसेज के रूप में मिली है। पुणे पुलिस ने शुक्रवार रात एक संदिग्ध को हिरासत में लिया और उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया।

वहीं इस मामले पर बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए संजय राउत ने दावा किया कि थाने में भी उन पर इसी तरह से हमला करने की कोशिश की गई। मालूम हो कि पिछले साल अगस्त में संजय राउत को पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामले में छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था।

राज्यसभा सांसद राउत ने कहा- “इस सरकार (एकनाथ शिंदे) के सत्ता में आने के बाद हमारे खेमे के नेताओं की सुरक्षा कम कर दी गई। मैंने इस बारे में कभी कोई पत्र नहीं लिखा, लेकिन बार-बार सीएम के बेटे ने गुंडों के साथ मिलकर हमारे खिलाफ साजिश रची। गृह मंत्रालय को इस बारे में जब हम इसकी सूचना देते हैं तो वे इसे एक स्टंट कहते हैं”।

संजय राउत ने कहा, “हम सच्चाई जानते हैं लेकिन हमें मर्यादा बनाए रखनी है। मैंने पुलिस को धमकी के बारे में सूचित किया। मैं किसी से नहीं डरता। गृह मंत्री ने क्या किया? मुझे इसी तरह की धमकी तब मिली जब मैं जेल में था।” .

बता दें कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल मई में पंजाब के मनसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर दर्जनों मामले दर्ज हैं। हाल ही में, बिश्नोई ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जेल से कथित तौर पर इस तथ्य पर नई धमकी दी थी कि उनका समुदाय काले हिरण की हत्या के मामले में अभिनेता से नाराज है क्योंकि उन्होंने उन्हें ‘अपमानित’ किया था। जेल से एक टीवी चैनल से बातचीत में बिश्नोई ने कहा था कि, “काले हिरण के मुद्दे पर मैं बचपन से ही सलमान से नाराज रहा हूं। उन्होंने मेरे समुदाय के सदस्यों को पैसे की पेशकश भी की थी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *