अकाल तख्त एक्सप्रेस में एक महिला यात्री पर पेशाब करने के आरोप में एक टिकट चेकर को बर्खास्त कर दिया गया है। यह घटना अमृतसर-कोलकाता ट्रेन में हुई थी। रेलवे ने मुन्ना कुमार के रूप में पहचाने गए आरोपी को बर्खास्त कर दिया और कहा कि इस तरह के व्यवहार के लिए “जीरो टॉलरेंस” है। ये महिला अपने पति राजेश कुमार के साथ यात्रा कर रही थी। दोनों अमृतसर के रहने वाले हैं। जीआरपी अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार आधी रात को अकाल तख्त एक्सप्रेस के ए1 डिब्बे में हुई जो अमृतसर से कोलकाता जा रही थी।
जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि चारबाग स्टेशन पर यात्री के पति की शिकायत के बाद मुन्ना कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी शराब के नशे में बताया जा रहा था। बिहार के बेगूसराय निवासी मुन्ना कुमार सहारनपुर में यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) के पद पर तैनात हैं।
टिकट चेकर ने कथित तौर पर महिला के सिर पर पेशाब कर दिया जब वह सो रही थी। महिला ने तुरंत शोर मचाया और टिकट चेकर को साथी यात्रियों ने पकड़ लिया। वे आरोपी की पिटाई करने लगे। महिला के पति ने प्राथमिकी दर्ज कराई और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस घटना को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, “जीरो टॉलरेंस। तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाया जाए।” उन्होंने एक महिला पर पेशाब करने के आरोप में आरोपी को बर्खास्त करने की रेलवे की नोटिस साझा की।
उत्तर रेलवे ने मुन्ना कुमार को एक नोटिस में कहा, “महिलाओं के प्रति असम्मान दिखाने वाला आपका उपरोक्त आचरण एक गंभीर कदाचार है, इस प्रक्रिया में न केवल आपकी बल्कि एक संगठन के रूप में पूरे रेलवे की बदनामी होती है। यह भी देखा गया है कि आप न्यायिक हिरासत में हैं।”
मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा हस्ताक्षरित नोटिस में कहा गया है कि, “इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए, मैं इसे नियम 14 (ii) के प्रावधान को अपनाने के लिए एक उपयुक्त मामला मानता हूं। इस प्रकार, मैं रेल सेवक के अशोभनीय व्यवहार के लिए ‘तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने’ की सजा देना उचित समझता हूं।”
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में यह चौथी ऐसी घटना है जब किसी यात्री ने नशे की हालत में साथी यात्री पर पेशाब किया हो। पिछली तीन घटनाएं हवाई जहाज में हुईं थी। पिछले हफ्ते, एक यात्री को न्यूयॉर्क-नई दिल्ली अमेरिकन एयरलाइंस की उड़ान में एक साथी यात्री पर कथित रूप से ‘नशे में’ अवस्था में पेशाब करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। इसी तरह, 26 नवंबर को, शंकर मिश्रा ने न्यूयॉर्क-दिल्ली एयर इंडिया की उड़ान में एक बुजुर्ग महिला पर नशे की हालत में कथित तौर पर पेशाब किया था। मिश्रा को मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस घटना के सामने आने के बमुश्किल एक महीने बाद 6 दिसंबर को एक अन्य पुरुष यात्री ने पेरिस-दिल्ली फ्लाइट में एक महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया था।
