‘भारत जोड़ो’ के बाद ‘पूर्व से पश्चिम’ यात्रा की योजना बना रही है कांग्रेस: जयराम रमेश

कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद अब एक और यात्रा निकालने पर प्लान बना रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (कन्याकुमारी से कश्मीर तक आयोजित) के बाद, पार्टी अब पूर्व से पश्चिम की एक यात्रा पर विचार कर रही है। रमेश के मुताबिक संभव है कि आगामी पूर्व से पश्चिम यात्रा अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट से गुजरात के पोरबंदर तक हो लेकिन इसका प्रारूप भारत जोड़ो यात्रा से थोड़ा अलग हो सकता है।

जयराम रमेश ने कहा- ‘संभावना है कि यह यात्रा पासीघाट से शुरू हो और इसका समापन पोरबन्दर में हो। इसको लेकर बहुत सारा उत्साह और ऊर्जा है। व्यक्तिगत तौर पर मेरा मानना है कि इसकी जरूरत भी है। पूर्व से पश्चिम के बीच निकलने वाली यात्रा का प्रारूप दक्षिण से उत्तर की ओर निकाली गई यात्रा से अलग होता है। शायद यह यात्रा उतने व्यापक स्तर पर नहीं हो जैसा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में था और इसमें यात्री कम हो सकते हैं’।

इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी के महाधिवेशन में को संबोधित करते हुए, कहा कि पार्टी को भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से की गई “तपस्या” को आगे बढ़ाने के लिए एक नई योजना तैयार करनी चाहिए। राहुल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ‘तपस्या’ को आगे बढ़ाने का कार्यक्रम तैयार करें, जिसमें सभी भाग लेने के लिए तैयार हैं। राहुल पहले भी कई बार अपनी इस यात्रा को तपस्या का नाम दे चुके हैं।

जयराम रमेश ने कहा कि चुंकि इस मार्ग पर जंगल और नदियां हैं, “यह एक बहु-मोडल यात्रा होगी, लेकिन ज्यादातर यह एक पदयात्रा ही होगी।” नई यात्रा के बारे में अधिक जानकारी साझा करते हुए, जयराम रमेश ने कहा कि अप्रैल और नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों के कारण ये यात्रा जून से पहले या नवंबर से पहले शुरू की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यात्रा भारत जोड़ो यात्रा की तुलना में कम अवधि की होगी और इस बारे में अगले कुछ हफ्ते में सबकुछ तय कर लिया जाएगा।

बता दें कि राहुल गांधी ने सितंबर 2022 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी और करीब 4000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए उन्होंने 30 जनवरी को श्रीनगर में इस यात्रा को पूरा किया था। इस यात्रा में राहुल गांधी समेत 200 के लगभग भारत यात्री ने हिस्सा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *