अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने कहा है कि उन्होंने चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास एक नागा विद्रोही संगठन के एक शिविर का भंडाफोड़ किया है और हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि चांगलांग जिला पुलिस और विशेष जांच दल (एसआईटी) की एक संयुक्त टीम ने एक सशस्त्र समूह, पूर्वी नागा राष्ट्रीय सरकार (ENNG) के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने कहा कि, “हमारी टीम ने विद्रोहियों के खिलाफ ऑपरेशन को अंजाम दिया और उनके शिविर को नष्ट कर दिया और भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।”
ये ऑपरेशन जिले के रीमा पुटोक सर्कल के लुंगपांग इलाके में चलाया गया। पुलिस ने बताया कि शिविर में मौजूद लगभग पांच विद्रोही भागने में सफल रहे लेकिन पुलिस दल द्वारा शिविर को जला दिया गया।
पुलिस ने कहा कि एक एके-47 असॉल्ट राइफल, एक एम-16 राइफल, हथगोले, मैगजीन और 120 राउंड गोला बारूद कैंप से जब्त किए गए।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ट्वीट किया, “अरुणाचल प्रदेश पुलिस बहादुर, साहसी है, सामने से नेतृत्व कर रही है…आप पर गर्व है।”
जनवरी 2016 में गठित ENNG अरुणाचल प्रदेश के तिरप, चांगलांग और लोंगडिंग जिलों में सक्रिय है। जब ENNG का गठन हुआ, तो उस वक़्त इस समूह ने अन्य नागा विद्रोही समूहों पर लोगों को विफल करने का आरोप लगाया था क्योंकि वे कई दशकों के बाद भी नागा राजनीतिक मुद्दे का अंतिम समाधान नहीं खोज पाए थे।
