गृहमंत्री अमित शाह झारखंड दौरे पर, देवघर में की पूजा-अर्चना, संकल्प रैली में हेमंत सरकार पर जमकर साधा निशाना

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को झारखंड के देवघर पहुंचे। देवघर पहुंचने के साथ उन्होंने सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारियों विधि-विधान के साथ पूरी पूजा संपन्न कराई। उसके बाद गृह मंत्री ने बीजेपी की ‘विजय संकल्प महा रैली’ को संबोधित किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा- ‘भारत में अगर कहीं सबसे भ्रष्ट सरकार है तो वो झारखंड में है… कोई मंत्री-मुख्यमंत्री बनता है तो हाथ से करप्शन करता है लेकिन यहां तो ट्रैक्टर और रेलवे के वैगन से भ्रष्टाचार करना शुरू कर दिया गया है’।

अमित शाह ने दावा किया कि हेमंत सरकार के सत्ता के दौरान प्रदेश में ‘आदिवासी’ आबादी में कमी आई है। शाह ने कहा- ‘वोट बैंक के लालच में यहां घुसपैठिए घुसाए जा रहे हैं, वो आदिवासियों की जमीन हथिया रहे हैं, बच्चियों पर अत्याचार कर रहे हैं और हेमंत बाबू… मुस्कराते हुए यह सब देख रहे हैं। इस क्षेत्र में आदिवासियों की संख्या लगातार घट रही है। आदिवासियों की आबादी 35 प्रतिशत से घटकर 24 प्रतिशत हो गई है। चुनाव आ रहे हैं… जनता खुद हिसाब कर देगी। यहां आदिवासी बेटियों की निर्मम हत्या हो रही है और आप ‘वोट बैंक’ की राजनीति कर रहे हो… शर्म करो’।

गृह मंत्री ने कहा कि ये क्षेत्र साइबर क्राइम का हब बन गया है। यहां बच्चों को गलत रास्ते पर ले जाकर बड़े-बड़े अपराध हो रहे हैं। भारत सरकार ने साइबर क्राइम से लड़ने के लिए जितनी भी मदद देनी चाही… हेमंत बाबू किसी पर आगे नहीं बढ़े। ये कोई विकास का काम नहीं करना चाहते केवल वैगनों में भर कर रुपया आए इतना भ्रष्टाचार करना चाहते हैं।

शाह ने कहा- ‘हेमंत बाबू, संथाल परगना में आपने विकास का कोई काम नहीं किया केवल जनता को मूर्ख बनाने का काम किया। जनता अब आपको जान चुकी है और आप से हिसाब मांगती है। आदिवासी बेटियों की हत्या का जवाब आपसे मांगा जा रहा है। मोदी जी ने झारखण्ड के एक बड़े हिस्से को उग्रवाद और नक्सलियों से त्रस्त इलाके को मुक्त करने का काम किया है। हमने झारखंड में विकास की राह बनाने और नक्सलवादियों से मुक्त करने का काम किया’।

उन्होंने कहा कि देवघर में आज बीस एकड़ में इफको के तरल खाद कारखाने की आधारशिला रखी गई है और ये कारखाना पूरे संथाल परगना का विकास सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि कई जगह पर किसान यूरिया भी डालते हैं और तरल यूरिया का भी छिड़काव करते हैं। ऐसा करने से फसल के साथ-साथ भूमि का भी नुकसान होता है। तरल यूरिया का छिड़काव करते हैं तो IFFCO की गारंटी है कि उत्पाद बढ़ेगा। बाद में यूरिया डालने की जरूरत नहीं है।

गृह मंत्री ने कहा कि, ‘कोरोना में हमने तय किया था कि सरकार किसी भी घर का चूल्हा बंद नहीं होने देगी, हमने ढाई साल तक प्रति व्यक्ति-प्रति माह पांच किलो अनाज मुफ्त पहुंचाया है। अब एक और साल तक हम गरीबों को मुफ्त अनाज उपलब्ध करवाएंगे’।

उन्होंने आगे कहा कि बजट में मध्यम वर्ग को राहत देने का कार्य किया है। जिनकी आय 7 लाख रुपए से कम है उनको इनकम टैक्स में छूट दी है। सरकार आदिवासी भाईयों के लिए 740 एकलव्य मॉडल स्कूल तैयार करेगी जिसके लिए 38,000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के बाद पहली बार कोई आदिवासी महिला देश की राष्ट्रपति बनीं हैं। ये हर गरीब और आदिवासी के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने सीधे सीधे चुनौती देते हुए कहा- हेमंत बाबू, चुनाव में आ जाओ, जनता आपको हटाने को तैयार बैठी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *