कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र, कहा- बीजेपी का मतलब है “भ्रष्ट जुमला पार्टी”

कांग्रेस ने शनिवार को केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ ‘आरोप पत्र’ जारी किया। इस ‘आरोप पत्र’ में कांग्रेस ने बीजेपी को ‘भ्रष्ट जुमला पार्टी’ करार दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी का मंत्र ‘कुछ का साथ’, ‘खुद का विकास’ और ‘सबके साथ विश्वासघात’ है।

शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के महासचिव जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के अगले अभियान ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के लोगो का भी अनावरण किया। जयराम रमेश ने कहा कि इसका लोगो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तरह ही है, लेकिन अंतर केवल इतना है कि इस पर कांग्रेस के हाथ का चिह्न है।

वेणुगोपाल ने कहा कि 26 जनवरी से शुरू होने वाले कांग्रेस के अभियान के तहत पार्टी आरोप पत्र और राहुल गांधी के पत्र को यात्रा के संदेश के साथ घर-घर ले जाएगी। दोनों नेताओं द्वारा जारी आरोप पत्र में भाजपा को भ्रष्ट जुमला पार्टी’ करार दिया गया और आरोप लगाया गया है कि इसका मंत्र कुछ का साथ, खुद का विकास, सबके साथ विश्वासघात है।

आरोप पत्र के ‘कुछ का साथ’ खंड के तहत कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर कुछ चुनिंदा कारोबारियों की कर्जमाफी, भारत की 64 प्रतिशत संपत्ति रखने वाले 10 प्रतिशत अमीर व्यक्ति और बंदरगाह एवं हवाई अड्डे प्रधानमंत्री के ‘करीबी मित्रों’ को ‘उपहार’ में दिए जाने का आरोप लगाया है। ‘खुद का विकास’ खंड में कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर दुष्प्रचार के तहत करोड़ों रुपये खर्च करने और भाई-भतीजावाद में शामिल होने का आरोप लगाया है। तीसरे खंड- ‘सबके साथ विश्वासघात’ में कांग्रेस ने बेरोजगारी, खाद्य सुरक्षा, महिला सुरक्षा, किसानों की दुर्दशा, नफरत फैलाने वाले भाषण, निर्वाचित सरकारों को गिराने और विभिन्न क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों में भारत की रैंकिंग जैसे कई ज्वलंत मुद्दों को उठाया है।

पार्टी के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने कहा कि इस ‘आरोप पत्र’ के साथ ही पार्टी की राज्य इकाइयां भी इसी तरीके से राज्य सरकारों के खिलाफ भी ‘आरोप पत्र’ तैयार करेंगी।

कांग्रेस पार्टी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी श्रीनगर के लाल चौक इलाके में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और इसके बाद शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने बताया कि ‘‘राहुल गांधी की पदयात्रा 29 जनवरी को समाप्त हो जाएगी। 30 जनवरी को पूर्वाह्न 10 बजे राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पूर्वाह्न 11 बजे श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जनसभा होगी।’’ उन्होंने कहा कि इसके लिए कई विपक्षी नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

जयराम रमेश ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने अंतिम चरण में है तथा 27, 28 और 29 जनवरी को कश्मीर घाटी में रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस समय राहुल गांधी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, उस समय सभी जिला कांग्रेस प्रमुख भी अपने-अपने कार्यालयों में तिरंगा फहराएंगे। यह पूछे जाने पर कि गांधी लाल चौक पर तिरंगा क्यों नहीं फहरा रहे हैं? जयराम रमेश ने कहा कि इस बारे में सही तरीके से खबर नहीं दी जा रही है क्योंकि प्रदेश कांग्रेस का कार्यालय लाल चौक में स्थित है और यह स्वाभाविक है कि पार्टी के पूर्व प्रमुख और भारत जोड़ो यात्रा का प्रमुख चेहरा राहुल गांधी पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहरायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *