मुंबई-गोवा हाईवे पर हुए दो बड़े हादसे; कार और ट्रक की टक्कर में 9 लोगों की मौत; दूसरी घटना में 4 की मौत, 21 घायल

मुंबई गोवा राष्ट्रीय हाईवे पर गुरुवार सुबह दो बड़े सड़क हादसे हुए। पहली घटना में एक ट्रक ने ईको कार टक्कर मार दी। कार और ट्रक के बीच आमने सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में एक कार में सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक चार साल का बच्चा बुरी तरह से घायल हो गया। घायल बच्चे को कार से निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू करा दिया है। यह हादसा रायगढ़ जिले के माणगांव के पास मुंबई गोवा हाईवे पर सुबह 5.30 बजे के करीब हुआ। कार में सवार 9 लोगों में 3 महिला 5 पुरुष और एक बच्चा शामिल है। इन 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी लोग अपने रिश्तेदार के निधन पर शोक सभा में शामिल होकर रत्नागिरी लौट रहे थे।

वहीं दूसरी घटना मुंबई-गोवा हाईवे पर ही कणकवली के वागदे पुल के पास हुई. इस घटना में एक निजी बस पलटने की वजह से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 21 लोग घायल हो गए। बस में 36 लोग सवार थे। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हुआ है। यह हादसा गुरुवार की सुबह करीब चार बजे का है।

बता दें कि मुंबई गोवा हाईवे पर इसके पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कोंकण की तरफ जाने वाली सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। आए दिन बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए हाईवे अथारिटी की ओर से इस हाईवे पर जगह जगह साइनेज और बोर्ड लगाने का काम शुरू किया गया है, लेकिन गति पर नियंत्रण नहीं होने की वजह से हादसों में कमी नहीं आ रही है।

इसी तरह का भीषण सड़क हादसा बीते दिनों नासिक-शिरडी हाईवे पर हुआ था। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह हादसा उल्हासनगर से शिरडी साईं बाबा के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ हुआ था। ये सभी श्रद्धालु एक लग्जरी बस में सवार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *