‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 124वां दिन: आज हिमाचल में चल रही है पदयात्रा; राहुल गांधी बोले- “3-4 लोगों के लिए चल रही है पूरी सरकार”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब हिमाचल प्रदेश में पहुंच चुकी है। आज सुबह यह यात्रा हिमाचल के घटोटा से आगे बढ़ी। कांगड़ा जिले के इंदौरा के रास्ते राहुल के पदयात्रा की देवभूमि हिमाचल में एंट्री हुई। राहुल गांधी आज दिन भर करीब 24 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद इंदौरा के मलौट में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

बुधवार सुबह यात्रा के हिमाचल में प्रवेश लेने के बाद राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- “हमने अपने मुद्दे संसद में उठाने की कोशिश की लेकिन वहां मुद्दे उठाने नहीं दिए गए। भारत की संस्थाओं जैसे न्यायपालिका, प्रेस आदि से भी बात नहीं उठा सकते क्योंकि सब पर RSS-BJP का दबाव है। इसलिए हमने यह यात्रा निकाली है। 3-4 लोगों के लिए पूरी सरकार चलाई जा रही है। जो भी होता है वह उन लोगों के लिए होता है, हमारे किसान, मजदूर, युवा के लिए नहीं किया जाता। भारत की सरकार जो भी करती है वह भारत के 2-3 सबसे बड़े अरबपतियों की मदद करने के लिए करती है”।

राहुल गांधी ने कहा कि हम हिमाचल से निकल रहे हैं और 30 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि, ‘मुझे दुख है कि हम हिमाचल में कम रुक पाए। लेकिन जम्मू कश्मीर 30 जनवरी तक पहुंचना है। हिमाचल में आशाएं और प्यार लेने के लिए आया हूं’।

आज शाम की जनसभा के बाद ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पठानकोट में प्रवेश करेगी। रात्रि विश्राम वहीं होगा। गुरुवार को यात्रा यहां से जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कश्मीर पहुंचने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर अर्लट जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा के कश्मीर चैप्टर के दौरान राहुल गांधी को कुछ जगहों पर पैदल नहीं चलने की सलाह दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुरक्षित रखने के लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है और उन्हें यह सलाह दी गई है कि उन्हें पैदल यात्रा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल को पैदल चलने के बजाय कार से ही यात्रा करनी चाहिए।

‘भारत जोड़ो यात्रा” 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी और 30 जनवरी को श्रीनगर में एक विशाल रैली के साथ संपन्न होगी। कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर प्रभारी पाटिल ने कहा है कि राहुल गांधी 19 जनवरी को पंजाब-जम्मू सीमा पर लखनपुर पहुंचेंगे। उसके बाद राहुल गांधी लखनपुर से कठुआ, सांबा होते हुए जम्मू के सतवारी चौक पहुंचेंगे, जहां एक जनसभा आयोजित की जाएगी।

26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा

जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।

बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 11 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। राहुल ने अब तक करीब 3500 किमी की यात्रा को पूरा कर लिया है। फिलहाल यात्रा पंजाब में है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में होगा। श्रीनगर में यात्रा के समापन के लिए 21 पार्टियों को निमंत्रण भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *