उर्फी जावेद और बीजेपी की महाराष्ट्र महिला अध्यक्ष चित्रा वाघ के बीच का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों तरफ से बयानबाजी लगातार जारी है। चित्रा वाघ ने जिस तरह से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि उर्फी जहां मिलेगी उसका मुंह तोड़ दूंगी, तो अब इस बयान को लेकर वकील नितिन सातपुते ने महिला आयोग को पत्र लिखा है और कहा कि इस तरह की धमकी देना उचित नहीं है, ऐसे में बीजेपी नेता ने जो धमकी दी है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उर्फी जावेद का कहना है, उन्हें लेकर की गई वाघ की टिप्पणियों से मॉब लिंचिंग होने का खतरा है।
पिछले कुछ समय से बीजेपी नेता चित्रा वाघ और उर्फी जावेद के बीच न्यूडिटी को लेकर विवाद बढ़ गया है। चित्रा वाघ ने उर्फी जावेद पर सार्वजनिक स्थानों पर नंगा नाच करने का आरोप लगाते हुए मुंबई पुलिस से उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। चित्रा वाघ ने कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र में यह नंगा नाच नहीं चलेगा। इसके जवाब में उर्फी जावेद ने कहा था, ‘मेरा नंगा नाच कंटीन्यू रहेगा।’ उर्फी ने कहा था कि वो किसी से डरती नहीं हैं। ना ही वो कुछ गलत कर रही हैं। उर्फी का स्टेटमेंट आने के बाद भी चित्रा वाघ शांत हुईं और उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर से मिलकर मुद्दे पर बात की। वहीं शुक्रवार को उर्फी जावेद भी चित्रा वाघ की शिकायत लेकर महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के पास पहुंची। उर्फी ने अपने वकील संग महिला आयोग चेयरपर्सन रूपाली चाकणकर से मुलाकात की।
उर्फी के वकील नितिन सातपुते ने अपनी शिकायत में लिखा है कि, ‘उर्फी जावेद के कपड़े पहनने के स्टाइल पर चित्रा वाघ लोगों को अपराध करने के लिए प्रेरित कर रही है। चित्रा वाघ के समर्थक उर्फी को ट्रोल कर उसकी छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इतना ही नहीं, चित्रा वाघ ने उर्फी को बीच सड़क पर उसका थोबड़ा फोड़ने की धमकी दी है। दिंसबर 2022 में चित्रा वाघ ने खुलेआम ये धमकी दी थी। वाघ ने कहा था कि जिस दिन उर्फी मेरे हाथ लग गई, उसी दिन पहले उसका थोबड़ा फोड़ूंगी, फिर ट्वीट कर यह बताऊंगी कि मैंने क्या किया।’
सातपुते ने महिला आयोग को दिए शिकायत में कहा है कि, ‘इसके बाद भी चित्रा वाघ यह कह रही हैं कि उर्फी उनके सामने आई तो वे पहले उसे साड़ी और चोली देंगी और इसके बाद भी अगर उसका नंगा नाच शुरू रहा तो सीधे थोबड़ा फोड़ेंगी। चित्रा वाघ ने कहा है कि अगर उर्फी को कपड़े से एलर्जी है तो वे सभी तरह की दवाइयां उपलब्ध करवाएंगी।’
इस शिकायत की खबर के बाद चित्रा वाघ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि, ‘सातपुते आएं या दसपुते, वे किसी के बाप से नहीं डरतीं। वे महाराष्ट्र में नंगा नाच नहीं चलने देंगी’।
