महाराष्ट्र की बीजेपी नेता ने उर्फी जावेद के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत, एक्ट्रेस भड़की, कहा-“आप मुझे जेल नहीं भेज सकती”

साल 2023 की शुरुआत हो चुकी है और उर्फी जावेद एक बार फिर से चर्चा में हैं। महाराष्ट्र बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा किशोर वाघ ने अभिनेत्री और मॉडल उर्फी जावेद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उन पर तत्काल रूप से कार्रवाई करने की मांग की है।

चित्रा किशोर वाघ ने मुंबई पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि, “उर्फी जावेद का सार्वजनिक जगहों पर किया जाने वाला अंग प्रदर्शन समाज में चर्चा का विषय बन गया है। किसी ने उनके इतने अंग प्रदर्शन की कल्पना नहीं की होगी। स्त्री के अंगों का मुंबई के सार्वजनिक जगहों पर रास्तों पर ऐसा प्रदर्शन भारतीय संस्कृति सभ्यता को कलंकित करता है। वह अपने व्यक्तिगत जीवन में क्या करती हैं, इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन वो लोकप्रियता पाने के लिए अपने शरीर का अंग प्रदर्शन कर रही हैं। अगर वह अपने शरीर का प्रदर्शन करना चाहती हैं तो घर की चारदीवारी में करें, लेकिन समाज को मानसिक रूप से विकृत करने का प्रयास ना करें। मेरा आपसे (मुंबई पुलिस) से अनुरोध है कि उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करें”।

इस शिकायत के बाद उर्फी जावेद ने चित्रा वाघ पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट में लिखा- “एक और नेता की तरफ से पुलिस कंप्लेंट के साथ मैंने नए साल की शुरुआत की है। असली काम नहीं है इन नेताओं के पास? क्या ये नेता लोग और वकील बेवकूफ हैं? संविधान में ऐसा कोई अनुछेद नहीं है जो मुझे जेल पहुंचा सकता है। अश्लीलता और न्यूडिटी की परिभाषा हर इंसान के हिसाब से बदलती है। अगर मेरे शरीर के अंग नहीं दिख रहे हैं तो आप मुझे जेल नहीं भेज सकते। ये लोग ये सब मीडिया की अटेंशन के लिए कर रहे हैं। मेरे पास आपके लिए बेहतर आइडिया हैं चित्रा वाघ। आप मुंबई में ह्यूमन ट्राफिकिंग और सेक्स ट्राफिकिंग रोकने के लिए कुछ क्यों नहीं करतीं। वो गैर-कानूनी डांस बार बंद करवाओ ना। गैर कानूनी रूप से हो रही वैश्यवृति के बारे में कुछ करो, जो मुंबई में हर जगह है।’

उर्फी ने एक दुसरे ट्वीट में नए साल की बधाई दी और इसके साथ ही बीजेपी नेता का मज़ाक भी उड़ा दिया। उन्होंने लिखा, “बस चित्रा वाघ को छोड़ कर, सभी को नए साल की मुबारकबाद।”

उर्फी जावेद ने इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट शेयर किया और लिखा, ‘मैं कोई ट्रायल और दूसरी बकवास में नहीं पड़ूंगी। मैं अभी जेल जाने को तैयार हूं अगर आप अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की संपत्ति का खुलासा करते हैं। दुनिया को बताओ एक नेता कितनी कमाई करता है और कहां से कमाई होती है। और ये भी बता दूं कि समय-समय पर आपकी पार्टी के कई मर्दों पर शोषण के आरोप लगे हैं, तब मैं मिसेज चित्रा वाघ आपको उन औरतों के लिए ऐसा करते नहीं देखा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *