TP इम्पैक्ट – वाराणसी में जाम व अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, कई इलाके खाली

तक्षक पोस्ट की खबर का असर हुआ है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पब्लिक के लिए मुसीबत का सबब बने ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण की समस्या की खबर प्रकाशित होने पर वाराणसी ट्रैफिक पुलिस, पुलिस और नगर निगम ने खबर का संज्ञान लिया। न्यूज का संज्ञान लेते हुए 29 दिसम्बर-2022 यानि गुरुवार को शहर में दर्जनों चौराहों व बाजारों पर अतिक्रमण व लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई की। बता दें कि 26 दिसंबर, सोमवार को तक्षक पोस्ट ने “बनारस में चरमराते ट्रैफिक से पब्लिक परेशान, मनमानी और अवैध वसूली का चरम पर कारोबार” शीर्षक से खबर विस्तार व प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

बेतरतीब वाहनों का कटा चालान

अभियान के क्रम में ही ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए वाहनों का चालान किया गया। साथ ही बीएचयू दीवार के साथ और ट्रॉमा सेंटर के सामने अवैध रूप से वेंडिंग कर रहे वेंडरों को हटवा कर पूरा इलाक़ा खाली करवा दिया गया। सभी मार्गों पर घोषणा करते हुए सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दिया गया कि वे दुकान के बाहर किसी भी प्रकार का कोई भी सामान न रखें और गंदगी न फैलने दें।

लंका क्षेत्र में हटा अतिक्रमण

ऑटो स्टैंड संचालक संजय सिंह और उनकी टीम को चिन्हित कर ऑटो स्टैंड के इलाके से सभी वेंडरों को हटवा कर अतिक्रमण मुक्त करवा सुपुर्द कर दिया गया ताकि ऑटो सड़क के बजाय स्टैंड में खड़े किए जाएं। इसी दिन शाम को लंका पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई आदित्य राय और उनकी टीम के सहयोग से लंका क्षेत्र में घोषणा कर सभी दुकानदारों का अतिक्रमित सामान हटवाया गया। साथ ही सड़क और पटरी पर अवैध रूप से वेंडिंग कर रहे वेंडरों को हटवा कर मार्ग खाली करवाया गया।

 

आगे भी जारी रहेगा अभियान

वाराणसी ट्रैफिक पुलिस एडीसीपी डीके पुरी ने तक्षकपोस्ट को बताया कि पूरे अभियान के दौरान लावारिस हालत में रखा /पड़ा लगभग 02 गाड़ी अतिक्रमित सामान ज़ब्त किया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों व वेंडरों से रूल्स फॉलों करने की अपील की गई। यह अभियान जारी रहेगा। इस अभियान में एडीसीपी, एसीपी भेलुपुर, अपर नगर आयुक्त तृतीय सुमित कुमार, प्रभारी अधिकारी अतिक्रमण अमित शुक्ला तथा प्रभारी प्रवर्तन दल कर्नल राघवेन्द्र नाथ मौर्य के उपस्थिति में पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम आदि के जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *