नॉर्थ सिक्किम में शुक्रवार को सेना के ट्रक का एक्सीडेंट हो गया जिसमें 16 जवान शहीद हो गए हैं। ये हादसा उत्तरी सिक्किम के लाचेन से 15 किमी दूर जेमा इलाके में हुआ। भारतीय सेना ने बयान में कहा कि 23 दिसंबर 2022 को जेमा, उत्तरी सिक्किम में सेना के एक ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। सेना ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था। जेमा के रास्ते में, वाहन एक तीव्र मोड़ पर स्लिप होकर नीचे खाई में गिर गया। हादसे के बाद एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को निकाला गया। इस दुखद सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 16 जवानों ने अपनी जान गंवाई है। सेना की रेस्क्यू टीम ने 4 घायल जवानों को एयरलिफ्ट किया है।
भारतीय सेना ने कहा कि हमारे तीन जूनियर कमीशंड अधिकारी और 13 सैनिक इस दुर्घटना में शहीद हो गए। इस दुखद घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। नॉर्थ सिक्किम बेहद ही खतरनाक इलाका है. ये इलाका इन दिनों पूरा बर्फ से ढका होता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया- “उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा हूँ।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया। राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा कि, “भारतीय सेना के वीर जवानों की शहादत के बारे में जानकर दुख हुआ। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि, “सिक्किम में सड़क दुर्घटना में हमारे वीर जवानों की शहादत से आहत हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायल जल्द स्वस्थ हों”।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने हादसे पर दुःख जताया और कहा, “सिक्किम में हुए भीषण सड़क हादसे में 16 जवानों के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। शहीद जवानों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायल जवानों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले”।
समाजवादी पार्टी ने भी हादसे पर दुख जताया है। सपा ने ट्वीट किया- “नॉर्थ सिक्किम में सेना के ट्रक हादसे में 16 जवानों के शहीद और 4 जवानों के घायल होने की खबर, अत्यंत दुखद। ईश्वर शहीदों की आत्मा को शांति दें एवं घायलों को जल्द स्वस्थ करें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। राहत बचाव का कार्य तेजी से करे सरकार. भावभीनी श्रद्धांजलि”।
नॉर्थ-ईस्ट में हाल के दिनों में हुए हादसे-
– 22 नवंबर: सिक्किम में ट्रेनिंग एक्सरसाइज के दौरान पैराशूट न खुलने से स्पेशल फोर्सेज यूनिट के असिस्टेंट लीडर लघ्याल की मौत हो गई। हादसे के दौरान वे भारत-चीन बॉर्डर पर प्रैक्टिस कर रहे थे।
– 24 जून: फर्स्ट बटालियन सिक्किम स्काउट्स के दो जवानों की सिक्किम के जुलुक में सड़क हादसे में मौत हुई थी। जवानों के नाम लांस नायक मनोज छेत्री और नायब सुबेदार सोम बहादुर सुब्बा था। दोनों जवान जुलुक में काम कर रहे मजदूरों को लेने जा रहे थे, जब धुंध के चलते वाहन 300 फीट नीचे गिर गया।
– 21 अक्टूबर: अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियान्ग जिले में सेना का हेलिकॉप्टर ‘रुद्र’ क्रैश होने से 5 जवानों की जान चली गई। हादसा टूटिंग हेडक्वार्टर से 25 किलोमीटर दूर सिंगिंग गांव के पास हुआ था। ये इलाका सड़क मार्ग से कनेक्टेड नहीं था।
