सिंगापुर में हुआ लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट, RJD अध्यक्ष की बेटी रोहिणी आचार्य ने पापा को डोनेट की अपनी एक किडनी, अभी दोनों ICU में

राजद सुप्रीमो लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन सफलपूर्वक हो गया है। सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में लालू यादव का ऑपरेशन किया गया है। लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर ऑपरेशन के सफल होने की जानकारी दी है।

तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा, ‘पापा का किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन सफलतापूर्वक होने के बाद उन्हें ऑपरेशन थियेटर से आईसीयू में शिफ्ट किया गया। डोनर बड़ी बहन रोहिणी आचार्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी दोनों स्वस्थ हैं। आपकी प्रार्थनाओं और दुआओं के लिए साधुवाद’।

लालू यादव के ऑपरेशन के लिए उनका परिवार भी सिंगापुर में है। उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बड़ी बेटी मीसा भारती और बड़े बेटे तेजस्वी यादव भी लालू यादव के साथ सिंगापुर में मौजूद हैं। लालू के करीबी सहयोगी भोला यादव और तेजस्वी के राजनीतिक सलाहकार संजय यादव भी सिंगापुर में हैं।

अपने पिता को किडनी डोनेट करने से पहले लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ट्विटर पर लिखा ‘Ready to rock and roll ✌️, Wish me a good luck’

रोहिणी ने इससे पहले ट्वीट कर कहा था कि, “मेरा मानना ​​​​है कि यह सिर्फ एक छोटा सा मांस का टुकड़ा है जो मैं अपने पिता को देना चाहती हूं। मैं पापा के लिए कुछ भी कर सकती हूं। आप सभी प्रार्थना करें कि सब कुछ ठीक हो जाए और पापा फिर से आएं और फिर से लोगों की आवाज उठाएं। एक बार फिर शुभकामनाओं के लिए आप सभी का धन्यवाद।”

मालूम हो कि लालू यादव किडनी समेत कई बीमारियों से पीड़ित हैं। उन्हें डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, किडनी रोग, तनाव, थैलेसीमिया, प्रोस्टेट का बढ़ना, यूरिक एसिड का बढ़ना, ब्रेन से सम्बंधित बीमारी, कमज़ोर इम्यूनिटी, दाहिने कंधे की हड्डी में दिक्कत, पैर की हड्डी की समस्या, आंख में दिक्कत है। अक्टूबर में सिंगापुर गए लालू यादव को डॉक्टर्स ने किडनी ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी थी, जिसके बाद उनकी बेटी रोहिणी ने अपने पिता को अपनी किडनी दान करने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *