गूगल के CEO सुंदर पिचाई को मिला पद्म भूषण, पिचाई ने कहा- ‘भारत मेरा एक हिस्सा है, जहां भी जाता हूं, इसे अपने साथ ले जाता हूं’

गूगल और अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया है। ये सम्मान उन्हें अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने दिया। संधू ने ट्वीट कर कहा कि अल्फाबेट और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को सैन फ्रांसिस्को में पद्म भूषण सौंपकर खुशी हो रही है। सुंदर की मदुरै से माउंटेन व्यू तक की प्रेरणादायक यात्रा, भारत-अमेरिका इकोनॉमी और टेक्नोलॉजी रिलेशंस को मजबूत करना, ग्लोबल इनोवेशन में भारतीय प्रतिभा के योगदान की पुष्टि करता है। उन्हें ट्रेड एंड इंडस्ट्री कैटेगरी में 2022 के लिए पद्म भूषण दिया गया है। मालूम हो कि 73वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गृह मंत्रालय ने कहा था कि सुंदर पिचाई को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।

पद्म भूषण पुरस्कार प्राप्त करने के बाद, पिचाई ने कहा, “मैं इस अपार सम्मान के लिए भारत सरकार और भारत के लोगों का बहुत आभारी हूं। मुझे आकार देने वाले देश द्वारा इस तरह से सम्मानित किया जाना अविश्वसनीय रूप से सार्थक है।” उन्होंने कहा, “भारत मेरा एक हिस्सा है। मैं जहां भी जाता हूं, इसे अपने साथ ले जाता हूं। इस खूबसूरत पुरस्कार को मैं सुरक्षित रखूंगा।”

सुंदर पिचाई ने अपने ब्लॉग में कहा कि, ‘वह सौभाग्यशाली हैं कि एक ऐसे परिवार में बड़े हुए, जिसने सीखा और ज्ञान को अर्जित किया। उनके माता-पिता ने यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत त्याग किया कि उन्हें (सुंदर पिचाई) अपनी रुचियों का पता लगाने के अवसर मिले’।

पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया को लेकर उनके दृष्टिकोण को याद किया और कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का डिजिटल इंडिया विजन निश्चित रूप से प्रगति के लिए एक त्वरक रही है और मुझे गर्व है कि Google ने सरकारों, व्यवसायों और समुदायों के साथ भागीदारी करते हुए भारत में निवेश करना जारी रखा है। हमारे दरवाजे पर आने वाली हर नई तकनीक ने हमारे जीवन को बेहतर बनाया है और उस अनुभव ने मुझे Google के रास्ते पर और दुनियाभर में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने वाली तकनीक बनाने में मदद करने का मौका दिया’।

Google के सीईओ ने अपने ब्लॉग में लिखा कि, “हमने हाल ही में घोषणा की थी कि हम भारत के डिजिटल भविष्य के लिए 10 बिलियन अमरीकी डॉलर का निवेश करेंगे। हम अधिक किफ़ायती इंटरनेट एक्सेस को सक्षम करने के लिए काम करेंगे। भारत की जरूरतों के लिए उत्पादों का निर्माण करेंगे। उनके डिजिटल परिवर्तन में सभी साइज के उद्योगों की मदद करेंगे और बड़े सामाजिक मुद्दों और चुनौतियों से निपटने के लिए आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करेंगे।”

उन्होंने आगे लिखा कि हम डिजिटल स्किलिंग में भी निवेश कर रहे हैं और अपने वीमेनविल एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम के माध्यम से 1 मिलियन से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित किया है और सरकार और स्थानीय संगठनों के साथ साझेदारी में 55,000 से अधिक शिक्षकों को ट्रेंड किया है। नैसकॉम फाउंडेशन और टाटा स्ट्राइव के सहयोग से हमने 100,000 से अधिक Google करियर सर्टिफिकेट भी स्पांसर्ड किए हैं।

उन्होंने लिखा, “इस साल की शुरुआत में हमने गूगल ट्रांसलेट में 24 नई भाषाओं को जोड़ा है जिनमें से आठ भारतीय भाषाएं हैं।” पिचाई ने लिखा कि भविष्य में वो भारत को लेकर और अधिक संभावनाएं देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *