सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ कैलिफोर्निया में किया गया डिटेन, इंटरपोल ने गोल्डी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस किया था जारी

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के मर्डर केस में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सूत्रों से जानकारी है कि मूसेवाला के मर्डर के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को अमेरिका के कैलिफोर्निया में डिटेन कर लिया गया है। अभी तक इस संबंध में कैलिफोर्निया पुलिस ने औपचारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक, गोल्डी बराड़ को 20 नवंबर या इससे पहले डिटेन किया गया। इंटरनेशनल सोर्सेज से भारत की खुफिया एजेंसियों को ये इनपुट मिला है। इसके ऊपर कनाडा में जान का खतरा बना हुआ था इसलिए वह कुछ दिन पहले ही कनाडा से राजनीतिक शरण के लिए कैलिफोर्निया भागा था। गोल्डी के खिलाफ पहले से दो अलग मामलों में रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी है। गोल्डी बरार 16 से अधिक आपराधिक मामलों में भारफ़त में वांटेड है। वह भारत से कनाडा भाग गया था।

सूत्रों से खबर है कि भारत सरकार को आधिकारिक रूप से जानकारी नहीं उपलब्ध होने के बावजूद, खुफिया विभाग रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और पंजाब इंटेलिजेंस को इस तरह के इनपुट्स जरूर मिले है कि कैलिफोर्निया में गोल्डी बराड़ को लेकर बड़ी हलचल हुई है और उसे वहां पर पकड़ा गया है।

इंटरनेशनल गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कैलिफोर्निया के शहर सैक्रामेंटो, फ्रीजो, और साल्ट लेक को अपना सेफ हाउस बनाया हुआ था। फिलहाल गोल्डी बराड़ कैलिफोर्निया के फ्रेंस्को सिटी में रह रहा था।

सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के समय गोल्डी बराड़ कनाडा में रह रहा था। मूसेवाला के कत्ल के बाद गोल्डी भारतीय खुफिया एजेंसियों के निशाने पर आ गया था। उसे जबरदस्त खतरा महसूस हो रहा था कि कहीं कोई उसके ठिकाने का पता न बता दे। इस वजह से कुछ दिनों पहले वो कनाडा से कैलिफोर्निया की फ्रेंस्को सिटी भाग आया था। यहाँ आने के बाद उसने 2 वकीलों की मदद से राजनीतिक शरण लेने की भी कोशिश की। लेकिन एक वकील को जब गोल्डी के अपराधिक बैकग्राउंड पता चला तो उसका केस लड़ने से मना कर दिया था। उसके बाद उसने एक अन्य वकील की मदद ली।

गोल्डी बराड़ आखिर है कौन?

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाले सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बरार का जन्म साल 1994 में हुआ। वर्ष 2017 में छात्र वीजा पर वो कनाडा चला गया। गोल्डी ने BA तक की पढाई की है। उसकी 5 अलग-अलग तस्वीरें पंजाब पुलिस के डोजियर में हैं और इन तस्वीरों को देखने से पता चलता है की वो अपना हुलिया बदलता रहा है। गोल्डी A+ कैटगरी का गैंगस्टर है और कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ है। गोल्डी बरार पर हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी जैसे संगीन मामले दर्ज हैं, गोल्डी पर पंजाब में कुल 16 मामले दर्ज हैं, जिसमें से अब तक 4 में वो बरी हो चुका है।

बता दें कि इसी साल 29 मई, 2022 को सिद्धू मूसेवाला की मानसा में हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला अपनी थार जीप में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी और मूसेवाला की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी हत्या का मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को बताया गया। कहा गया कि गोल्डी ने लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर मूसेवाला की हत्या की प्लानिंग की और फिर अपने शूटरों के जरिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में अब तक 34 लोगों को आरोपी बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *