श्रद्धा मर्डर केस: आफ़ताब को मिली 14 दिन की न्यायिक हिरासत, मर्डर के बाद महरौली वाले घर पर आने वाली लड़की पेशे से निकली साइकोलॉजिस्ट

श्रद्धा मर्डर केस में आरोपी आफ़ताब को शनिवार को अंबेडकर अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आफताब अब तिहाड़ जेल में रहेगा। पुलिस की टीम आरोपी आफताब को नार्को टेस्ट से पहले होने वाले टेस्ट के लिए अंबेडकर अस्पताल लेकर गई थी। सूत्रों के अनुसार आरोपी आफताब का नार्को टेस्ट 28 नवंबर को किया जा सकता है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आफताब के नार्को टेस्ट से श्रद्धा वॉल्कर मर्डर केस के रहस्य से पर्दा उठ सकता है। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने इसकी इजाजत दी थी।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी लॉ & ऑर्डर सगरप्रीत हुडा ने कहा कि पुलिस ने मजिस्ट्रेट से रिक्वेस्ट की थी कि अंबेडकर अस्पताल में ही कोर्ट लगाई जाए।

श्रद्धा केस में आज दूसरी खबर ये आई कि फोरेंसिक लैब के सूत्रों ने बताया है के श्रद्धा की हत्या की गई है। फोरेंसिक लैब के सूत्रों के मुताबिक़, श्रद्धा के पिता के ब्लड सैंपल के DNA से टाइल्स पर मिले ब्लड और हड्डियों का DNA मैच कर गया है। खबर है कि अभी तक फोरेंसिक टीम ने दिल्ली पुलिस को सिर्फ मौखिक जानकारी दी है और पूरी रिपोर्ट देने में कुछ दिन का वक़्त लगेगा। फोरेंसिक लैब की जांच में हुई श्रद्धा के मर्डर की पुष्टि के साथ साथ आरी से बॉडी काटने के निशान मिले भी हैं।

इस केस में शनिवार को दिल्ली पुलिस की तरफ से एक अपडेट ये आया है कि पुलिस ने उस लड़की की पहचान कर ली है जो श्रद्धा के मर्डर के बाद आफताब के महरौली वाले किराए के घर में उससे मिलने आई थी। ये उस समय की बात है जब आफताब ने श्रद्धा के टकड़ों को अपने घर के अंदर फ्रीज में रखा था। ये लड़की पेशे से साइकॉलोजिस्ट है। दिल्ली पुलिस ने उस लड़की से पूछताछ भी की है।

आरोपी आफताब डेटिंग ऐप बंबल का यूज करता था और श्रद्धा के मर्डर के बाद इस मिस्ट्री गर्ल से भी इसी एप के जरिए मिला था। आफताब ने बाद में इस लड़की को अपने महरौली स्थित फ्लैट पर बुलाया था।

मालूम हो कि इस केस में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस केस को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस पांच राज्यों में जांच कर रही है। पुलिस लगातार श्रद्धा और आफताब के दोस्तों और करीबियों से पूछताछ भी कर रही है। मर्डर केस की मिस्ट्री अब भी बहुत उलझी हुई है। आरोपी आफताब ने पुलिस के सामने अपना गुनाह तो मान लिया है लेकिन अभी भी दिल्ली पुलिस कोई ऐसे पुख्ता सबूत हाथ नहीं लगे हैं जिनसे वह कोर्ट में आरोपी को दोषी सिद्ध कर पाए।

बता दें कि आफताब ने श्रद्धा की इसी साल 18 मई को हत्या कर दी थी और उसके बाद शव के 35 टुकड़े करके उन टुकड़ों को महरौली में अपने घर में 300 लीटर के फ्रिज में रखा था। बाद में उसने इन टुकड़ों को करीब 20 दिनों तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में फेंका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *