वाराणसी में आज सुबह गंगा नदी में एक नाव पलट गया। इस नाव में 34 लोग सवार थे। इस हादसे के बाद आनन फानन में आसपास के नाविक और जल पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। समय रहते सभी लोगों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये हादसा शीतला घाट के सामने गंगा नदी में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत कर्मी भी मौके पर पहुंच गए।
जिन दो लोगों को इस हादसे में चोट आई है वे एक दंपत्ति हैं जिन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया है। जानकारी के अनुसार पी आदिनारायण और पी विजया की हालत अब सामान्य है और उनको इमरजेंसी से जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। दशाश्वमेध घाट थाना पुलिस ने एक नाविक को हिरासत में लिया है।
ये घटना शनिवार सुबह करीब 07:15 बजे हुई जब एक नाव केदार घाट से 34 यात्रियों को लेकर नाव शीतला घाट के लिए रवाना हुई और जैसे ही ये नाव शीतला घाट के सामने पहुंची तभी नाव में अचानक पानी भरने लगा और नाव नदी में डूबने लगी। नाव को डूबता देख नाव का नाविक मौके से भाग निकला। यात्रियों ने शोर मचाया और फिर ये चीख पुकार सुनकर आसपास के नाविक और घाट पर मौजूद जल पुलिस ने एक-एक करके सभी 34 यात्रियों का रेस्क्यू किया। ये सभी यात्री आंध्रप्रदेश के बताए जा रहे हैं, जो इन दिनों वाराणसी की यात्रा पर आये हुए हैं।
इस दुर्घटना के संबंध में बताते हुए दशाश्वमेध सर्किल के एसीपी अवधेश पांडे ने बताया कि, ‘गंगा स्नान पूजन के लिए 34 आंध्र प्रदेश के तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही नाव का पटरा टूट गया था। इसके कारण नाव डूबने लगी थी। सभी को बचा लिया गया है। एक दंपति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। हादसे के दौरान किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी। मामले की जांच की जा रही है।’
