अभिनेत्री ऋचा चड्ढा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और उनका बेबाक अंदाज हमेशा सुर्ख़ियों में रहता है लेकिन इस बार उन्होंने भारतीय सेना को लेकर एक ऐसा ट्वीट कर दिया जो उन पर इतना भारी पड़ा कि इसके लिए उन्हें माफ़ी तक मांगनी पड़ी है। दरअसल, अभी हाल ही में ऋचा चड्ढा ने एक ट्वीट किया जिसके बाद वो लोगों के निशाने पर आ गई और सोशल मीडिया पर उन्हें अपने इस ट्वीट को लेकर जमकर ट्रोल किया गया।
मालूम हो कि 22 नवंबर को भारतीय सेना के उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा था कि, ‘भारतीय सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है’। उन्होंने कहा था,”इस मुद्दे पर संसद में संकल्प पहले ही लिया जा चुका है, जहां तक भारतीय सेना का सवाल है, आर्मी सरकार की ओर से मिलने वाले किसी भी आदेश का पालन करेगी और जब भी ऑर्डर होंगे, हम उसके लिए हमेशा तैयार रहेंगे।”
इसके बाद ऋचा चड्ढा ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी पर एक यूजर की ओर से किया गया ट्वीट शेयर किया और लिखा ‘Galwan Says Hi’। ऋचा चड्ढा के इस ट्वीट पर बवाल मच गया। हालांकि ऋचा चड्ढा ने बाद में ये ट्वीट डिलीट कर दिया। ऋचा के इस ट्वीट के बाद लोगों ने उनके उपर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया। बात जब बहुत आगे बढ़ गई तो गुरुवार को ऋचा ने माफी मांग ली है।
ऋचा चड्ढा ने अपने माफीनामे में लिखा, ‘मेरी मंशा कभी भी किसी को भी अपमानित करने की नहीं रही। मुझे मेरे कहे तीन शब्दों के कारण विवाद में घसीटा गया। जाने-अनजाने मेरे द्वारा कहे गए शब्दों से अगर मेरे फौजी भाइयों की भावनाएं आहत हुई हों या ठेस पहुंची हो तो मैं माफी मांगती हूं। मैं यह भी कहना चाहती हूं कि फौज में मेरा नानाजी भी रहे। 1960 के दशक में दौरान भारत-चीन युद्ध में लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में उन्होंने पैर में गोली खाई थी। मेरे मामाजी पैराट्रूपर थे। देशभक्ति मेरे खून में है। जब किसी का बेटा हम जैसे लोगों से बने राष्ट्र को बचाने के लिए शहीद हो जाता है या घायल हो जाता है तो पूरा परिवार प्रभावित होता है और मैं व्यक्तिगत रूप से जानती हूं कि यह कैसा लगता है। मेरे लिए भी यह एक भावनात्मक मुद्दा है।’
‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज’ ने भी ऋचा चड्ढा के ट्वीट की निंदा की है।
फिल्म डायरेक्ट अशोक पंडित को तो इस मामले पर इतना गुस्सा आ गया कि उन्होंने जुहू पुलिस स्टेशन जाकर पत्र दिया है कि एक्ट्रेस के खिलाफ एक FIR दर्ज़ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमारे सुरक्षा बलों के जवानों ने गलवान घाटी जो बलिदान दिया था उसका ऋचा चड्ढा ने जिस तरह मज़ाक उड़ाया है, उससे देश के काफी लोगों को तकलीफ हुई है। मैंने पुलिस स्टेशन आकर एक पत्र दिया है कि इसके खिलाफ एक FIR दर्ज़ की जानी चाहिए’।
https://twitter.com/ashokepandit/status/1595709675043160065?s=20&t=fQN9JlGucIfqMGjjaUjBbg
बीजेपी ने ऋचा चड्ढा पर निशाना साधा है। बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने ऋचा चड्ढा को थर्ड ग्रेडे कलाकार, कांग्रेस समर्थक और राहुल गांधी की उपासक करार दिया और मुंबई पुलिस से ऋचा चड्ढा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी ऋचा चड्ढा पर कार्रवाई की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने भी एक्ट्रेस के ट्वीट को लेकर दिल्ली पुलिस में शिकायत की। जिंदल ने ऋचा चड्ढा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कीहै।
बीते दिनों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान न कहा था कि, ‘पीओके में पाकिस्तान ने जो किया है, उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। पाकिस्तान अपने कब्जे वाले कश्मीर में लोगों पर ‘अत्याचार’ कर रहा है और उसे इसके परिणाम भुगतने होंगे।’
बता दें कि साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिको के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें देश के 20 जवान शहीद हो गए थे। देश में इस मामले को लेकर काफी बवाल मचा था।
