“भारत जोड़ो यात्रा” का 68वां दिन: अब तक 6 राज्यों के 28 जिलों में यात्रा हो गई है पूरी, राहुल गांधी यात्रा से ब्रेक लेकर गुजरात में करेंगे चुनाव प्रचार

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इन दिनों महाराष्ट्र से गुजर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। सोमवार को इस यात्रा का 68वां दिन है। रविवार को राहुल गांधी समेत सभी पदयात्री ने आराम किया। सोमवार सुबह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक बार फिर आगे बढ़ी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ हिंगोली ज़िले से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की।

रविवार को कलामनुरी में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कलाकारों के साथ ढोल बजाया।

इससे पहले राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था कि ‘यह यात्रा श्रीनगर में समाप्त होगी और हम यह संदेश देंगे कि भारत को बांटा नहीं जा सकता और नफरत नहीं फैलाई जा सकती। यात्रा का यही उद्देश्य है।’ राहुल गांधी ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश के लिए अपना खून-पसीना बहाने वालों और देश का पेट भरने वालों के लिए क्या किया? उन्होंने कहा, ‘वे हमारे दोस्त हैं लेकिन (हमारी) मदद करने में असमर्थ हैं। कोई और उन्हें नियंत्रित कर रहा है. वे चाहकर भी बोल नहीं सकते हैं।’

राहुल ने आगे कहा कि भारत में तीन-चार अरबपति हैं। वे जो चाहे कर सकते हैं। उन्हें जो भी व्यवसाय चाहिए, वे कर सकते हैं चाहे हवाई अड्डा, बंदरगाह, सड़क, बुनियादी ढांचा, दूरसंचार या बैंकिंग हो, लेकिन देश के युवा नौकरी चाहते हैं तो उन्हें यह नहीं मिलती।

राज्य मे चल रही पदयात्रा में अभी तक पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे और मंत्री आदित्य ठाकरे, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल और एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड सहित कई नेता शामिल हुए हैं।

गुजरात चुनाव में प्रचार करेंगे राहुल गांधी-

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को छोड़कर 22 नवंबर को गुजरात में चुनाव को लेकर पार्टी का प्रचार कर सकते हैं। सूत्रों की मानें तो 15 नवंबर के बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी गुजरात में कांग्रेस के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के ये दोनों प्रमुख नेता गुजरात में कम से कम एक दर्जन से ज्यादा चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्रियों और ओबीसी-एससी-एसटी-अल्पसंख्यक वर्ग के बड़े नेता भी आगामी दिनों में गुजरात में चुनावी रैलियां और चुनाव प्रचार करेंगे।

संसद के शीतकालीन सत्र में नहीं शामिल होंगे राहुल गांधी-

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद के शीतकालीन सत्र में भाग नहीं लेंगे। पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने ये जानकारी देते हुए बताया कि राहुल पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा पर फोकस करेंगे। इस वजह से संसद सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगे. संसद का शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू होगा जो 29 दिसंबर तक चलेगा।

महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा राज्य में 381 किलोमीटर की होगी। यात्रा 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी।

पार्टी की ओर से बताया गया है कि तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यात्रा अब तक छह राज्यों के 28 जिलों में यात्रा कर चुकी है। बता दें, बीते सात नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा ने तेलंगाना से महाराष्ट्र में प्रवेश किया था। यह यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश करेगी। यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में महाराष्ट्र से प्रवेश करने के बाद लगभग आधी दूरी तय कर लेगी।

महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेखकों और कलाकारों ने भी अपना समर्थन दिया है। गणेश देवी, प्रतिभा शिंदे और लक्ष्मीकांत देशमुख सहित कई लेखकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलामनुरी में राहुलं गांधी से मुलाकात की है। मराठी लेखक लक्ष्मीकांत देशमुख ने कहा है कि हमने राहुल गांधी से मुलाकात की और लगभग 250 लेखकों और कलाकारों ने हमारे ज्ञापन का समर्थन किया है।

महाराष्ट्र में राहुल की पदयात्रा के दौरान 150 से अधिक प्रमुख नेता, नागरिक समाज के सदस्य, कार्यकर्ता, गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उनके साथ शामिल होंगी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिये कांग्रेस लोगों से कनेक्ट होने की कर रही है कोशिश-

कांग्रेस पार्टी को 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में हार का साना तो करना ही पड़ा और साथ ही कई राज्यों में भी उनकी सरकारें एक एक कर चली गई। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी पार्टी छोड़कर चले गए। अब जब 2024 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ डेढ़ साल का वक्त बचा है तो कांग्रेस एक बार फिर भारत जोड़ो यात्रा के जरिए संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा अभी तीन महीने और चलेगी और राहुल के लिए ये एक बहुत बड़ी चुनौती है कि इस यात्रा के जरिए वो कितने बड़े स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच पाते हैं।

2024 के आम चुनाव से पहले साल 2023 बेहद ख़ास है। साल 2023 में 10 राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इन राज्यों में कर्नाटक, नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और तेलंगाना शामिल हैं। इससे पहले गुजरात, हिमाचल प्रदेश के अलावा दिल्ली में भी एमसीडी के चुनाव होने हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी की जारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस सांसद को एक गंभीर राजनेता के रूप में स्थापित करेगी और उन्हें अपनी मजबूत प्रतिद्वंद्वी बीजेपी का मुकाबला करने में बड़ी मदद करेगी। लेकिन देश के विभिन्न राज्यों से गुजर रही इस यात्रा का स्थायी प्रभाव छोड़ने के लिए इसे किसी एक खास मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है। इस यात्रा का लक्ष्य कांग्रेस पार्टी के संगठन को पुनर्जीवित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *