नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पहले चुनावी प्रचार अभियान के तहत आज शिमला के बनूटी में एक रैली को संबोधित किया। आज की रैली में उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। खड़गे ने कहा, ‘मैं उन नौ हजार डेलीगेट्स का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझे कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव जितवाया लेकिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का चुनाव कैसे हुआ यह किसी को पता नहीं है। मैं बाकायदा इलेक्ट होकर आया हूं और वह (नड्डा) नॉमिनेट होकर आए हैं। उन्होंने बीजेपी से पूछा कि आपके कितने डेलीगेट थे, कितने उम्मीदवार थे और किस ढंग से चुनाव करवाया? उन्होंने कहा, वहां (भाजपा में) पर चुनाव नहीं होते सिर्फ नाम दिए जाते हैं।
खड़गे ने कहा, ”बीजेपी के पास हमेशा एक ही स्लोगन होता है कांग्रेस को बदनाम करने के लिए कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? हिमाचल में बड़े बड़े रोड हैं, स्कूल हैं, और कॉलेज हैं. तो ये क्या 7 सालों में बने? आप नौकरी तो दे नहीं पा रहे हैं तो क्या देंगे?”
उन्होंने कहा, ”हिमाचल में ही 65 हजार सरकारी पद खाली हैं। महंगाई बढ़ रही है। किसानों को एमएसपी नहीं दिया. पीएम मोदी और सीएम जयराम ठाकुर ऐसे लोगों को सपोर्ट करते हैं, जो यहां से फल ले जाकर 60-70 रुपये में बाहर 200 रुपये में बेचते हैं। क्या आप ऐसे लोगों को जिताएंगे?”
खड़गे ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर सवाल खड़ा किया और पूछा कि आप अग्निवीर लेकर आए। लेकिन चार साल बाद नौजवान क्या करेंगे, क्या मंदिर में घंटा बजाएंगे? चार साल बाद उन्हें कोई आर्मी वाला भी नहीं मानेगा।
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी ने तो दो करोड़ युवाओं को नौकरियां देने का वादा किया था, अब कहां है उनका वादा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो दस गारंटियां दी हैं, उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा। कांग्रेस बीजेपी की तरह जुमलेबाजी नहीं करती है।
खड़गे ने कहा कि पूरे देश में 14 लाख वैकेंसी खाली हैं और हिमाचल प्रदेश में 65 हजार वैकेंसी खाली हैं, उन वैकेंसीज को नहीं भरा जा रहा है। जब देश में 13-14 लाख वैकेंसीज हैं, तो प्रधानमंत्री सिर्फ 70-75 हजार ही सर्टिफिकेट बांटते हैं। प्रधानमंत्री बढ़ती बेरोजगारी की तरफ नहीं देखना चाहते हैं।
खड़गे ने कहा, ”सोनिया जी और मनमोहन सिंह के नेतृत्व में हमने किसानों का 72 हज़ार करोड़ का कर्ज माफ किया और हिमाचल के किसानों का भी करेंगे। हम मनरेगा लेकर आए ताकि गरीब मजदूरों को काम मिले। सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह ही राइट-टू-एजुकेशन लाए. ये हमने काम किया, लेकिन मोदी जी सुबह उठकर कोई मंत्र नहीं पढ़ते. बस कांग्रेस को गाली देने का काम करते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा, ”बीजेपी हिमाचल के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकती. यहां के लोग पढ़ते लिखते हैं फिर अपना दिमाग लगाकर फैसला लेते हैं।”
बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा तो वहीं 8 दिसंबर को मतगणना होगी।
