“भारत जोड़ो यात्रा” का 59वां दिन: एक दिन के विराम के बाद शनिवार सुबह मेडक के चौतकुर से फिर शुरू हुई पदयात्रा; सोमवार को करेगी महाराष्ट्र में एंट्री

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ लगातार जारी है। शुक्रवार को आराम करने के बाद आज सुबह यह यात्रा तेलंगाना के चौतकुर से शुरू हुई। इस समय यह यात्रा तेलंगाना राज्य से गुजर रही है।

आने वाले सोमवार यानी कि 7 नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ तेलंगाना से महाराष्ट्र में एंट्री करने वाली है। यह यात्रा 7 नवंबर को शाम करीब 7 बजे तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलुर में प्रवेश करेगी। महाराष्ट्र में, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से निकलेगी। यह यात्रा महाराष्ट्र में 381 किलोमीटर की होगी। यात्रा सोमवार शाम को देगलुर के मदनूर नाका पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 06:30 बजे डेगलुर बस स्टैंड से पदयात्रा प्रारंभ होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक़ नांदेड़ जिले में चार दिन तक यात्रा चलेगी। इसके बाद 11 नवंबर को यह हिंगोली, 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के राज्य में आगमन से पहले ही महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेतागण तेज चलने की प्रैक्टिस कर रहे हैं और व्यायाम करने में भी जुट गए हैं, ताकि यात्रा में राहुल गांधी के साथ वो अपना तालमेल बिठा सकें। महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौहाण ने कहा कि उन्होंने दूसरे और नेताओं के साथ मिलकर तेज चलने की प्रैक्टिस शुरू कर दी है, ताकि वे राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके। उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र और खासकर नांदेड के लोग यात्रा में भाग लेने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। जब भी समय मिलता है हम व्यायाम करते हैं। चलना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।’

महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने भी कहा कि कहा कि वे यात्रा के लिए खुद को फिट कर रहे हैं। वे लगातार वार्म अप और एक्सरसाइज कर रहे हैं। पटोले ने कहा है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते यह मेरा कर्तव्य है कि राहुल गांधी के साथ राज्य में 382 किलोमीटर की यात्रा करूं। कांग्रेस विधायक डीपी सावंत ने कहा कि मैं हम लोग हर रोज 5 किलोमीटर मॉर्निंग वॉक करते हैं।

राहुल गांधी महाराष्ट्र में 10 और 18 नवंबर को दो रैलियों को संबोधित करेंगे।

राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश किया था। तेलंगाना के मकथल से शुरू हुई कांग्रेस की यात्रा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 16 दिनों तक चलनी है जिसके अंतर्गत 19 विधानसभा और 7 संसदीय क्षेत्रों को कवर किया जा रहा है। इन 16 दिनों में 375 किलोमीटर की दूरी तय की जानी हजै। राहुल अपनी इस यात्रा के दौरान लोगों से मिल रहे हैं। तेलंगाना में अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी लगातार विभिन्न समुदायों के नेताओं, राजनेताओं, खेल, व्यवसाय और सिनेमा जगत की हस्तियों से मुलाकात कर रहे हैं।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (तेलंगाना) से पहले राहुल केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *