हैदराबाद: “भारत जोड़ो यात्रा” का 55वां दिन: मंगलवार को यात्रा में शामिल हुईं रोहित वेमुला की मां, राहुल ने हैदराबाद चारमिनार पर फहराया तिरंगा

राहुल गांधी के नेतृत्व में अभी तेलंगाना में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 55वां दिन है। तेलंगाना में इस पदयात्रा का आज छठा दिन है। राहुल ने पदयात्रा की शुरुवात मंगलवार सुबह शमशाबाद के मठ मंदिर से की और दोपहर को विश्राम के लिए बदरपुरा के लीगेसी पैलेस के पास रुकी। आज की यात्रा में राहुल के साथ कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ दिखी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ जब मंगलवार सुबह शुरू हुई तो इस यात्रा में दिवंगत दलित छात्र रोहित वेमुला की मां भी शामिल हुईं। उनकी माँ राधिका वेमुला ने कहा कि इस यात्रा में एकजुटता दिखाई दे रही है। उन्होंने पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी से भी मुलाकात की और उनके साथ कुछ देर तक यात्रा में चलीं।

रोहित वेमुला को याद करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “रोहित वेमुला सामाजिक भेदभाव और अन्याय के खिलाफ मेरे संघर्ष के प्रतीक हैं और रहेंगे।” ‘रोहित की माताजी से मिल कर, यात्रा के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे कदमों को नया साहस, और मन को नई शक्ति मिली।‘

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद राधिका वेमुला ने भी ट्वीट कर लिखा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा के प्रति एकजुटता दिखाई। राहुल गांधी के साथ चली और कांग्रेस से संविधान को भाजपा-आरएसएस (भारतीय जनता पार्टी-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के हमले से बचाने, रोहित वेमुला को न्याय दिलाने, रोहित अधिनियम पारित कराने, उच्च न्यायपालिका में दलितों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने, सभी के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।’’

राहुल गांधी ने आज अपनी यात्रा के दौरान हैदराबाद में चारमिनार पर तिरंगा भी फहराया। इस दौरान चारमीनार जाने वाली सड़कों पर बड़ी संख्या में पार्टी के झंडे के साथ कार्यकर्ता मौजूद रहे। राहुल गांधी ने मंच पर पिता राजीव गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह वही स्थान है जहां से राजीव गांधी ने सद्भावना यात्रा की शुरुआत 19 अक्टूबर 1980 में की थी। मंगलवार को उनके साथ इस कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, वरिष्ठ पार्टी नेता दिग्विजय सिंह, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) अध्यक्ष रेवंथ रेड्डी समेत और कई नेता उपस्थित रहे।

इसके बाद राहुल ने ट्वीट किया, “32 साल पहले, पापा ने चारमीनार से सद्भावना यात्रा की शुरुआत की थी। भारत की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने अपनी जान की क़ुर्बानी दी थी। सद्भावना मानवता का सबसे अनुपम मूल्य है। मैं, और कांग्रेस पार्टी, इसे किसी विभाजनकारी ताक़त के सामने टूटने नहीं देंगे”।

इस मौके पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि आज जिस स्थान पर राहुल गांधी ने तिरंगा फहराया है, उसी स्थान से 19 अक्टूबर 1990 को उनके पिता राजीव गांधी ने सदभावना यात्रा शुरू की थी. उन्होंने कहा कि हर साल उस दिन कांग्रेस यहां तिरंगा फहराती है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार 19 अक्टूबर को हम यहां तिरंगा नहीं फहरा सके थे, इसलिए आज राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

मंगलवार रात को यात्रा बोवेनपल्ली के गांधी विचारधारा केंद्र पर रुकी है और यहीं से अगले दिन सुबह यानी बुधवार को शुरू होगी।

तेलंगाना में “भारत जोड़ो यात्रा’ 16 दिनों तक चलेगी और इस दौरान ये यात्रा 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों को कवर करेगी। इन 16 दिनों में ये यात्रा प्रदेश में 375 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

बता दें कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक चार राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश को कवर चुकी है और अभी तेलंगाना से गुजर रही है। कांग्रेस की 3750 किमी की यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी. ये यात्रा अब तक करीब 1250 किमी से ज्यादा का सफर तय कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *