प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने उत्तराखंड दौरे की शुरुआत केदारनाथ धाम से की केदारनाथ मंदिर में उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम ने करीब 30 मिनट तक केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में पूजा की और फिर मंदिर के बाहर उनसे मिलने आए लोगों का अभिवादन किया और लोगों से बातचीत भी की। केदारनाथ मंदिर को आज बहुत ही सुंदर तरीके से फूलों से सजाया गया है। आज मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों में भी पीएम मोदी की इस यात्रा को लेकर काफी उत्साह दिखा। पीएम मोदी ने आज जो परिधान पहना हुआ है वो हिमाचल की खास चोला डोरा कही जाती है। इस ड्रेस में स्वास्तिक बना हुआ दिखा। उनके पहनावे ने वहां मौजूद हर किसी का ध्यान खींचा। पीएम मोदी के हाल ही के हिमाचल दौरे के दौरान उन्हें यह गिफ्ट भेंट की गई थी।
केदारनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद पीएम मोदी ने यहाँ चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। पीएम मोदी ने केदारनाथ में सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे का शिलान्यास किया। रोपवे का शिलान्यास करने के बाद पीएम मोदी ने आदिगुरु शंकराचार्य की के समाधि स्थल का दौरा किया और फिर वहां से लौटकर पीएम पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने निकले। पीएम केदारनाथ में मंदाकिनी आस्था पथ और सरस्वती आस्था पथ का निरीक्षण करेंगे और वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।
केदारनाथ धाम के बाद अब पीएम बद्रीनाथ जाएंगे जहां करीब 11:30 बजे श्री बद्रीनाथ मंदिर में पूजा करेंगे। बदरीनाथ के दर्शन के बाद वे मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे। दोपहर 12 बजे पीएम मोदी रिवरफ्रंट के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। दोपहर 12:30 बजे माणा गांव में दो डबल लेन सड़कों की आधारशिला रखेंगे और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद पीएम माणा गांव के लोगों को संबोधित भी करेंगे फिर दोपहर करीब 2 बजे मोदी आगमन प्लाजा और झीलों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहेंगे।
शुक्रवार रात को प्रधानमंत्री बद्रीनाथ में ही रहेंगे। शनिवार सुबह 7.15 बजे देहरादून के लिए रवाना होंगे। वे भारत के चुनिंदा प्रधानमंत्रियों में से एक होंगे जो भगवान बदरी विशाल के दर्शन के साथ-साथ रात्रि विश्राम करेंगे
बीते एक साल में 41 लाख श्रद्धालुओं ने की चारधाम यात्रा:-
बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने आज सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि पिछले 1 साल में 41 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम की यात्रा की है. 15 लाख यात्री बदरीनाथ पहुंचे, जबकि 14 लाख यात्रियों ने केदारनाथ धाम का दर्शन किया. वैसे ही, 6 लाख यात्रियों ने गंगोत्री धाम और 5 लाख यात्रियों ने यमुनोत्री की यात्रा की. –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ-बद्रीनाथ दौरे को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का केदारनाथ-बदरीनाथ दौरा उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों धामों में शुरू हो रही परियोजनायें धार्मिक महत्व के स्थानों के लिए पीएम के संकल्प का अद्भुत उदाहरण हैं।
