सरकारी कार्यक्रम के बहाने- चुनाव प्रचार में अरबों रुपये बर्बाद करने का युवाओं ने लगाया आरोप

प्रयागराज: लाखों रिक्त पदों को विज्ञापित करने के मुद्दे को लेकर रविवार को बालसन पर दिन भर चले प्रदर्शन के मौके पर प्रशासन द्वारा रोजगार आंदोलन चला रहे युवाओं की पीएम से मुलाकात कराने का भरोसा दिया गया था। लेकिन मुलाकात न कराने और रोजगार के सवाल को हल करने के प्रति योगी सरकार के बेहद गैरजिम्मेदाराना रवैये से आक्रोशित युवा पीएम के शहर से जाते ही सड़क पर उतर आये और सलोरी में कैंडल मार्च निकाल कर विरोध दर्ज कराया। इसके पूर्व पीएम के शहर प्रवास के दरम्यान भी हजारों युवाओं ने ट्विटर पर मोदी_रोजगार_दो ट्वीट कर प्रतिवाद दर्ज कराया।
युवाओं ने आरोप लगाया है पीएम मोदी का बेरोजगारों के दुख दर्द से कोई सरोकार नहीं है उन्हें सिर्फ मुख्यमंत्री योगी  की छवि को बेहतर पेश कर चुनावीं जीत दिलाने में दिलचस्पी है। इसी मकसद के लिए सरकारी कार्यक्रम के बहाने जो वास्तव में चुनावीं प्रचार है में अरबों रुपये बर्बाद किया जा रहा है।
युवा मंच संयोजक राजेश सचान ने कहा कि  2017 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश के युवाओं से पीएम मोदी द्वारा सभी रिक्त पदों को भरने, पारदर्शी चयन प्रक्रिया का वादा किया गया था। लेकिन आज जब प्रयागराज से लखनऊ तक युवा आंदोलित हैं ऐसे में आज प्रयागराज में अपने संबोधन में पीएम मोदी को पिछले विधानसभा चुनाव में  युवाओं से किया गया वादा याद नहीं रहा।
युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि रोजगार आंदोलन चला रहे युवाओं से मुलाकात न कराने के पीछे प्रमुख वजह यह भय है कि कहीं फर्जी आंकड़ों से योगी सरकार की गढ़ी गई  छवि तार-तार न हो जाये। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इसी दिसंबर महीने में 5 लाख से ज्यादा रिक्त पड़े पदों को विज्ञापित नहीं किया गया तो  इसका अंजाम भाजपा को भुगतना पड़ेगा और 28 दिसंबर को लखनऊ से प्रदेशव्यापी अभियान का आगाज कर रोजगार को चुनावीं मुद्दा बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार चाहें जो दावे करे लेकिन प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। दरअसल आज युवाओं से पीएम मोदी द्वारा संवाद/मुलाकात न करना यह स्पष्ट करता है कि उनकी इस बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दे हल नहीं करना चाहते। युवा मंच पदाधिकारियों ने छात्र-युवा नेताओं की गिरफ्तारी की निंदा की।
कैंडल मार्च व ट्विटर अभियान के दौरान सीएमपी पूर्व अध्यक्ष करन सिंह परिहार, युवा मंच सलोरी डेलीगेसी इंचार्ज बीएल यादव, अरूण कुमार, शिबलू, राजेश त्रिपाठी, रमेश रंजन, सूर्य प्रकाश चौधरी, संजय तिवारी, ईशान गोयल, वागीश धर राय, आलोक राय, कुलदीप कुमार आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *