प्रयागराज: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत के बाद मंगलवार को उनका 8 पेज का सुसाइड नोट सामने आया है। जिसमें उन्होंने आनंद गिरि, लेटे हनुमान मंदिर के पुजारी अद्या तिवारी, संदीप तिवारी पर आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने कई अहम बातों का उल्लेख किया है। उल्लेखनीय है कि इस समय आनंद गिरि,पुजारी अद्या तिवारी और संदीप तिवारी पुलिस कस्टडी में भी हैं। पुलिस के आला अधिकारी इन लोगों से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। वैसे कल हरिद्वार से पकड़े जाने के पहले ही आनंद गिरि ने मांग की थी कि महंत की हत्या की गई है और इसकी उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए।
अपने सुसाइड नोट में स्व महंत नरेंद्र गिरि लिखते हैं कि मैं आनन्द गिरि के कारण बहुत विचलित हूं।
सुसाइड नोट में महंत नरेंद्र गिरि ने लिखा है कि मैं महंत नरेंद्र गिरि आज आनंद गिरि के कारण बहुत विचलित हो गया। आज हरिद्वार से सूचना मिली कि एक दो दिन में आनंदगिरी मोबाइल के माध्यम से किसी छोटी महिला या लड़की के साथ गलत काम करते हुए फोटो वायरल कर देगा। मैं महंत नरेंद्र गिरि बदनामी के डर से कहां-कहां सफाई देता रहूंगा।मैं जिस सम्मान से जी रहा हूं, तो बदनामी में कैसे जी पाऊंगा. इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं।
मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं…..
8 पेज के इस सुसाइड नोट के पेज 2 पर उन्होंने लिखा है कि मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार आनंद जी, अद्या प्रसाद तिवारी, संदीप तिवारी पुत्र अद्या प्रसाद तिवारी होंगे।
मठ मंदिर की व्यवस्था का प्रयास वैसे ही करना
सुसाइड के हर पन्ने पर महंत नरेंद्र गिरि ने अपनी परेशानी को खुलकर लिखने की कोशिश की है। मंहत ने पेज 2 पर लिखा कि प्रिय बलवीर मठ मंदिर की व्यवस्था का प्रयास वैसे ही करना, जैसे मैंने किया है। आशुतोष गिरी, नितेश गिरि एवं मंदिर के सभी महात्मा बलवीर का सहयोग करना।
कहां कहां सफाई दूंगा-
सुसाइड नोट के पेज 3 पर महंत नरेंद्र गिरि ने लिखा है कि मैं महंत नरेंद्र गिरि वैसे तो, 13 सितंबर 2021 को आत्महत्या करने जा रहा था लेकिन हिम्मत नहीं कर पाया।आज जब हरिद्वार से सूचना मिली कि एक दो दिन में आनंदगिरी कम्प्यूटर के माध्यम से किसी महिला या लड़की के साथ गलत काम करते हुए फोटो वायरल कर देगा। मैंने सोचा कहां कहां सफाई दूंगा। एक बार तो बदनाम हो जाऊंगा। मैं जिस पद पर हूं, वह गरिमामयी पद है।
आत्महत्या करने जा रहा हूं –
आगे पेज 4 पर उन्होंने लिखा है कि सच्चाई तो लोगों को बाद में पता चल जाएगी लेकिन मैं तो बदनाम हो जाऊंगा। इसलिए मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। जिसकी जिम्मेदारी आनंद गिरि। अद्या प्रसाद तिवारी और उनके लड़के संदीप तिवारी की होगी। पूरे सुसाइड नोट में उन्होंने आनंद गिरि, अद्या प्रसाद तिवारी और संदीप तिवारी की तरफ ही इशारा किया है. पुलिस इन तीनों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब सबसे पूछताछ की जा रही है।
