प्रियंका चोपड़ा को बॉलीवुड में काम पाने के लिए “ब्रेस्ट इम्प्लांट’ करवाने की सलाह मिली थी, “Unfinished” में किया सांझा

बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक नाम कमा चुकीं प्रियंका चोपड़ा आज भारतीय सिनेमा के उन सितारों में से हैं, जिन्होंने ग्लोबल आइकॉन बनने का मुकाम हासिल किया है। प्रियंका के लिए किसी और सितारे की तरह ही यह एक लंबा और मुश्किल सफर रहा। प्रियंका चोपड़ा ने अपने करियर और जिंदगी को लेकर हाल ही में एक पुस्तक ‘Unfinished’ लिखी है। इस पुस्तक में प्रियंका चोपड़ा ने अपनी जिंदगी के अहम पहलुओं और संस्मरणों को फैन्स के साथ साझा किया है।

ऐसा ही एक खुलासा करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने इस पुस्तक में बताया है कि एक डायरेक्टर ने उन्हें “ब्रेस्ट इम्पलांट” की सलाह दी थी। हालांकि एक्ट्रेस ने उस मशहूर डायरेक्टर/प्रोड्यूसर के नाम का खुलासा नहीं किया है।

प्रियंका चोपड़ा ने बताया है कि 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उनकी पहली मुलाकात जिस डायरेक्टर से हुई थी, उसने उन्हें सर्जरी कराने की सलाह दी थी ताकि उनके शरीर का अनुपात सही हो सके।

इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका चोपड़ा ने अपनी पुस्तक में लिखा है, ‘कुछ मिनटों की बातचीत के बाद डायरेक्टर ने उन्हें खड़े होने और घूमने के लिए कहा। जब उन्होंने ऐसा किया तो डायरेक्टर ने उन्हें देखने के बाद कहा कि आपको सर्जरी कराना चाहिए ताकि उनके शरीर का अनुपात सही हो जाए और वह और बेहतर नजर आएं।’ एक्ट्रेस ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि डायरेक्टर से मीटिंग के बाद वह काफी हैरान और खुद को छोटा महसूस कर रही थीं। प्रियंका चोपड़ा ने अपनी किताब के बारे में एक ऑडियो नोट के जरिए इंस्टाग्राम पर जानकारी दी है।

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी किताब में कहा है कि उन्हें अपनी बॉडी के चलते करियर में परेशानियां उठानी पड़ी थीं और ऐसा लगा था कि जैसे शुरू होने से पहले ही खत्म सा हो गया है। पेशेवर तौर पर बात करें तो प्रियंका चोपड़ा के पास फिलहाल हॉलीवुड की दो फिल्में हैं। वह जल्दी ही ‘Text For You’ फिल्म में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा वह ‘Matrix 4’ मूवी में भी काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *