चमोली में ग्लेशियर टूटने से पैदा हुए हालात पर प्रयागराज में आपदा प्रबंधन की बैठक

प्रयागराज: उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से धौली गंगा में आई बाढ़ के दृष्टिगत आज मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेला प्राधिकरण कार्यालय स्थित आई ट्रिपल सी सभागार में आपदा प्रबंधन की बैठक कर संबंधित अधिकारियों से आने वाले दिनों में प्रयागराज में गंगा नदी के जलस्तर में अनुमानित वृद्धि की जानकारी ली।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया की वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रयागराज में गंगा के जलस्तर में लगभग 60 से 70 सेंटीमीटर की वृद्धि 5 से 6 दिनों में हो सकती है। अतः 11 फरवरी को होने वाले मौनी अमावस्या के स्नान पर इसका कोई असर पड़ने की उम्मीद नहीं है।
मंडलायुक्त श्री आर रमेश कुमार ने एहतियातन सभी विभागों को सतर्क रहने तथा माघ मेले के तटीय इलाकों के पास बसी हुई संस्थाओं के शिविरों की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक, श्री के पी सिंह ने वास्तविक स्थिति का आंकलन कर अधिकारियों को एनडीआरएफ टीम एवं अतिरिक्त पीएसी बल को स्टैंडबाई में रखने को कहा।
 जिलाधिकारी श्री भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा कि यदि किसी इलाके में ऐसा लगता है की शिविरों में किसी प्रकार की समस्या आ सकती है तो उसका आंकलन कर पूर्ण रूप से तैयार रहें। इसके दृष्टिगत मेला क्षेत्र की कांनटुअर मैपिंग कराकर एक रिपोर्ट बनाने के भी निर्देश दिए। गलेशियर टूटने के उपरांत उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करने हेतु जिलाधिकारी ने वहां के डिजास्टर मैनेजमेंट सचिव श्री एस ए मुरुगेशन से भी वार्ता की थी।
डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी जी ने सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को जल पुलिस एवं एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाकर सक्रियता से सुरक्षा व्यवस्था बनाने को कहा।
बाढ़ प्रखंड विभाग को पहले से बालू की बोरियां तैयार रखने तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मेला क्षेत्र के तटीय इलाकों पर नजर रखने को कहा गया है।
बैठक में एडीएम सिटी अशोक कनौजिया, एडीएम फाइनेंस एमपी सिंह, एडीएम प्रशासन वी एस दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश मिश्रा, प्रभारी अधिकारी माघ मेला विवेक चतुर्वेदी, प्रबंधक माघ मेला विवेक शुक्ला सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *