प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पुस्तकालय बंद होने से प्रतियोगिता की तैयारी करने वाले छात्रों को परेशानी हो रही है।कोरोना महामारी के चलते इसको बंद कर दिया गया था। पुस्तकालय खोलने की मांग को लेकर छात्रों ने आज प्रदर्शन किया।दिशा छात्र संगठन के अविनाश ने सभा को सम्बोधित करते हुए बताया कि पुस्तकालय न खुलने की वजह से छात्रों काफ़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इविवि में ज्यादातर छात्र आम घरों से आते हैं उन सब के लिए सारी किताबें ख़रीद पाना संभव नहीं है। पिछले दिनों जब छात्रों ने ज्ञापन दिया था तो कुलपति ने आश्वासन दिया था कि जल्दी ही साइकिल स्टैंड और लाईब्रेरी खोल दी जाएगी। साइकिल स्टैंड तो खुल गया लेकिन लाईब्रेरी अभी तक नहीं खुली। पुस्तकालय न खोलकर प्रशासन छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। देश के कई विश्वविद्यालयों में पुस्तकालय खोले जा चुके हैं। अगर विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द पुस्तकालय नहीं खोलता है तो एक बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
प्रदर्शन में धर्मराज, चंद्र प्रकाश, दिव्यांशु, अम्बरीश, शिवा, अंजलि, निशु, अमित आदि शामिल रहे।
