सोमवार की शाम दिल्ली पुलिस की एक टीम ट्विटर इंडिया के
दफ़्तर पहुंची “टूलकिट मैनिपुलेशन मीडिया” मामले की जाँच के सिलसिले में ट्विटर इंडिया के दिल्ली और गुरुग्राम के दफ्तर पहुंची थी।
सोमवार दोपहर को ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामलें में ट्विटर इंडिया को एक नोटिस भेजा था।
इस संबंध में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है लेकिन न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा गया है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम ट्विटर इंडिया के दफ्तर पहुंची है।
दिल्ली पुलिस की टीम के हवाले से लिखा है कि स्पेशल सेल की टीम नियमित प्रक्रिया के तहत ट्विटर इंडिया को नोटिस देने के लिए कार्यालय गई थी। जब पुलिस वहां पहुंची तो पता चला ट्विटर इंडिया का ऑफिस मार्च से बंद है और कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम कर रहे है।
सूत्रों के हवाले से न्यूज़ एजेंसी ने लिखा है कि कार्यालय जाना इसलिए ज़रूरी था ताकि नोटिस सही शख़्स को ही दिया जाए।
ट्विटर इंडिया के दफ़्तर पर दिल्ली पुलिस की टीम के पहुँचने के बाद कांग्रेस पार्टी के नेता और प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक के बाद एक ट्वीट करके प्रतिक्रिया दी है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव ने भी दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा की है.
ट्विटर पर लोगों ने खबर बाहर आते ही अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी।
ट्विटर इंडिया के पहले प्रमुख रहे राहील ख़र्शीद ने ट्वीट किया है, “दिल्ली पुलिस और ट्विटर इंडिया के बीच वर्षों से सूचना आदान-प्रदान करने का सिस्टम मौजूद है.”
https://twitter.com/Raheelk/status/1396859311524024320?s=19
पूर्व राजनयिक केसी सिंह ने लिखा है, “क्या बीजेपी को इस बात का अहसास है कि विदेश मंत्री जयशंकर अमेरिका में हैं और इसका वहां अच्छा असर नहीं पड़ेगा.”
क्या है ये पूरा मामला?
टूलकिट से जुड़ा ताज़ा मामला बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के आरोप से संबंधित है। कुछ दिन पहले संबित पात्रा ने कांग्रेस पर टूलकिट इस्तेमाल करके बीजेपी और देश की छवि ख़राब करने का आरोप लगाया था। 18 मई को बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा और बीजेपी के महासचिव बीएल संतोष ने चार-चार पेज के अलग-अलग दो डॉक्यूमेंट के स्क्रीनशॉट ट्वीट किए थे। इनमें से एक डॉक्यूमेंट कोविड-19 को लेकर था और दूसरा सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट को लेकर।
इन ट्वीट्स में दावा किया गया था कि ये कांग्रेस का टूलकिट है और कांग्रेस ने देश में कोरोना महामारी को लेकर मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए ये टूलकिट तैयार किया है। आरोप लगाया गया था कि इस टूलकिट के ज़रिए पार्टी ने अपने वॉलिंटियर्स और कार्यकर्ताओं को कहा कि मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए उन्हें धर्म विशेष को टारगेट करते हुए ‘सुपर स्प्रेडर कुंभ’ और वायरस के म्यूटेन्ट स्ट्रेन के लिए ‘मोदी स्ट्रेन’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल सोशल मीडिया पर करें, लेकिन ईद को ‘हैप्पी सोशल गैदरिंग’ की तरह पेश करना है।
कांग्रेस ने इसके ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया है। नीचे लिंक पर पूरा मामला समझ सकते है-
FIR के बाद में ट्विटर ने BJP नेताओं के द्वारा ट्वीट्स को ‘मैनिपुलेटेड मीडिया’ की श्रेणी में रखा था। जिसपर IT मंत्रालय ने ट्विटर इंडिया को चेतावनी दी थी।
मैनिपुलेटेड मीडिया किसे कहते है-
मैनिपुलेटेड मीडिया मतलब ऐसी तस्वीर, वीडियो या स्क्रीनशॉट जिसके ज़रिए किए जा रहे दावों की प्रमाणिकता को लेकर संदेह हो और इसके मूल रूप को एडिट किया गया हो या उससे छेड़छाड़ की गई हो।
संबित पात्रा के आरोपों के जवाब में कांग्रेस रिसर्च डिपार्टमेंट के प्रमुख राजीव गौड़ा ने तक्षकपोस्ट से कहा था कि “हमने कभी ऐसा कोई डॉक्यूमेंट बनाया ही नहीं। जब देश में इतना बड़ा संकट है और कितना कुछ करने को है तो बीजेपी काम ना करके यूथ कांग्रेस के किए गए काम को बदनाम करने में लगी है और लोगों का ध्यान मूल मुद्दो से भटका रही है।


