झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, चार नक्सली ढेर

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सोमवार को चार नक्सली मारे गए हैं। मारे गए इन नक्सलियों के पास से सुरक्षा बलों ने हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि तलाशी अभियान जारी है।

सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को पकड़ने में भी कामयाबी हासिल की है, जिसमें एक एरिया कमांडर और एक महिला नक्सली शामिल हैं। जबकि मारे गए नक्सलियों में एक जोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर और एक सबजोनल कमांडर के अलावा एक महिला नक्सली शामिल है।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ और नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जिले के गुवा थाना क्षेत्र स्थित जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच सोमवार (17 जून) को सुबह-सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में 4 नक्सलियों को मार गिराया है।

एसपी ने कहा कि मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शवों के पास से हथियार और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। जानकारी के मुताबिक, इलाके में सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चला रहे थे तभी घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी तत्काल मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की जवाबी कार्रवाई में 4 नक्सली ढेर हो गए।

इससे पहले शनिवार को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने आठ नक्सलियों को मार गिराया था।

मुठभेड़ के बाद, पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ में मारे गए आठ नक्सलियों में से छह वरिष्ठ रैंक के कैडर थे और उन पर 48 लाख रुपये का सामूहिक नकद इनाम था।

ये कैडर पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) की सैन्य कंपनी के थे।

इससे पहले 5 जून को नारायणपुर में मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए थे, जबकि 23 मई को नारायणपुर-बीजापुर सीमा पर सात नक्सली मारे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *