आम आदमी पार्टी ने कुबूली स्वाति मालीवाल से बदसलूकी की बात, कहा- विभव पर सख्त एक्शन लेंगे केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के उन दावों को स्वीकार कर लिया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव ने उन पर हमला किया था। पार्टी ने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल पीएस बिभव कुमार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री आवास पर सोमवार सुबह हुई यह घटना तब सामने आई जब मालीवाल सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन गईं और कहा कि अरविंद केजरीवाल के निजी स्टाफ ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उक्त हमले के बाद मालीवाल ने पीसीआर कॉल भी की।

इस मुद्दे पर पहले सार्वजनिक बयान में आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने घटना की पुष्टि की और कहा कि मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया है और सख्त कार्रवाई करेंगे।

संजय सिंह ने कहा, “सोमवार को एक बेहद निंदनीय घटना घटी। कल सुबह अरविंद केजरीवाल के आवास पर स्वाति मालिवाल मुलाकात करने पहुंची थी, वह ड्राइंग रूम में इंतज़ार कर रही थी तभी विभव कुमार(अरविंद केजरीवाल के PA) वहां आते हैं और वे स्वाति मालिवाल के साथ बेहद बदतमीज़ी की और अभद्रता की। इस पूरे मामले की जानकारी स्वाति मालिवाल ने पुलिस को दी। अरविंद केजरीवाल ने पूरी घटना को संज्ञान में लिया है और सख्त कार्रवाई करने को कहा है। वह पार्टी की पुरानी और वरिष्ठ नेता में से एक हैं। हम सब उनके साथ हैं।”

https://x.com/ANI/status/1790339565200220598

संजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण स्वाति मालीवाल को चुप कराया जा रहा है और पूरी घटना को दबाने की कोशिश की जा रही है।

सचदेवा ने कहा, “विभव कुमार को उकसाया किसने? इन तथ्यों की जांच होनी चाहिए। स्वाति मालीवाल चुप हैं। जहां तक उनके स्वभाव की बात है तो वे प्रखर हैं बोलती हैं, अगर वे चुप हैं तो समझ लीजिए उन पर कितना दबाव होगा। देश में अगर किसी भी महिला के साथ अभद्रता होती है तो तुरंत उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए ऐसे दोषियों को छोड़ना नहीं चाहिए।”

सोमवार को पुलिस को सुबह 9.34 बजे एक महिला की पीसीआर कॉल मिली, जिसने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर उसके साथ मारपीट की गई है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) एमके मीना ने संवाददाताओं से कहा, “कुछ देर बाद सांसद मैडम पुलिस स्टेशन आईं। हालांकि, वह यह कहकर चली गईं कि वह बाद में शिकायत देंगी।”

गौरतलब है कि पुलिस को अभी तक इस मामले में मालीवाल की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।

इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने स्वाति मालीवाल पर हमले की निंदा की और कहा कि वह मामले की जांच के लिए एक जांच दल भेजेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *