एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 25 कर्मचारियों का टर्मिनेशन वापस लिया, सिक लीव के बाद किया था बर्खास्त

एयर इंडिया एक्सप्रेस सभी बर्खास्त केबिन क्रू सदस्यों को तत्काल प्रभाव से बहाल करने पर सहमत हो गया है। मुख्य श्रम आयुक्त द्वारा बुलाई गई बैठक में एयर इंडिया एक्सप्रेस प्रबंधन ने विरोध कर रहे चालक दल से मुलाकात के बाद यह निर्णय लिया। यह कदम टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन की इस घोषणा के कुछ घंटों बाद आया कि वह बिना किसी सूचना के सामूहिक बीमारी की छुट्टी पर गए 25 केबिन क्रू सदस्यों की सेवाओं को समाप्त कर रही है, जिसके कारण मंगलवार रात से 100 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं।

एक रिपोर्ट के अनुसार, एयरलाइन ने बीमार होने की सूचना देने वाले बचे हुए चालक दल के सदस्यों को गुरुवार शाम 4 बजे तक ड्यूटी पर वापस आने या बर्खास्तगी का सामना करने का अल्टीमेटम दिया था।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा, “हमने सुलह बैठक में सहमति जताई और अपने केबिन क्रू सहयोगियों का काम पर वापस आने का स्वागत किया। उड़ानें तेजी से बहाल करने की दिशा में काम तेजी से किया जा रहा है। असुविधा के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने लोगों से माफी मांगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने टिकट बुकिंग कर चुके यात्रियों से आग्रह किया है कि वो हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें। यदि उनकी उड़ान रद्द कर दी जाती है, या 3 घंटे से अधिक की देरी हो जाती है, तो वे व्हाट्सएप (+91 6360012345) या http://airindiaexpress.com पर जाकर बिना किसी शुल्क के पूरी राशि की वापसी या बाद की तारीख में यात्रा प्लान करने का विकल्प चुन सकते हैं।”

इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस के वरिष्ठ चालक दल द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के एक ही समय में बीमार छुट्टी लेने के बाद कई उड़ानों में देरी हुई या रद्द कर दी गई और यात्री हवाई अड्डों पर फंसे रह गए।

एयरलाइन ने बाद में एक संशोधित उड़ान कार्यक्रम जारी किया और लोगों से हवाई अड्डे पर जाने से पहले यह जांचने के लिए कहा कि क्या उनकी उड़ान इस व्यवधान से प्रभावित हुई है।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “हम प्रभावित मेहमानों को ग्रुप एयरलाइंस सहित वैकल्पिक उड़ानों में भी समायोजित कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे अपने गंतव्य तक जल्द से जल्द पहुंचें।”

गुरुवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 85 उड़ानें रद्द करने की घोषणा की। केबिन क्रू की कमी के कारण उसकी दैनिक निर्धारित उड़ानों में से लगभग 20 प्रतिशत प्रभावित हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *