अरुणाचल, सिक्किम विधानसभा चुनावों की मतगणना अब 4 जून को नहीं बल्कि 2 जून को होगी

लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद भारत चुनाव आयोग ने अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में वोटों की गिनती की तारीखों में संशोधन किया है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती अब 2 जून को होगी, न कि 4 जून को, जैसा कि पहले घोषित किया गया था।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चार राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कार्यक्रम की घोषणा की थी। आंध्र प्रदेश में 13 मई को, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में 19 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे। ओडिशा में 13 मई और 20 मई को चार चरणों में मतदान होगा।

मतगणना की तारीख बदलने के पीछे निर्वाचन आयोग ने तर्क दिया है कि अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम, दोनों विधान सभाओं का कार्यकाल 2 जून को समाप्त हो रहा है और संविधान के अनुच्छेद 324, अनुच्छेद 172 (1) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 15 के अनुसार, निर्वाचन आयोग को संबंधित कार्यकाल की समाप्ति से पहले चुनाव कराने आवश्यक हैं।

इस नियम को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने शनिवार को घोषित चुनाव कार्यक्रम में बदलाव करने का निर्णय लिया है और सिक्किम तथा अरुणाचल प्रदेश में वोटों की गिनती का दिन 4 जून से बदलकर 2 जून कर दिया है। आयोग ने बताया कि तारीख में बदलाव केवल गिनती के लिए है। मतदान की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

https://x.com/bhartijainTOI/status/1769300938622439584?s=20

भारत चुनाव आयोग ने शनिवार को घोषणा की थी कि 2024 के लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल, दूसरे चरण का 26 अप्रैल, तीसरे चरण का 07 मई, चौथे चरण का मतदान 13 मई, पांचवें चरण का मतदान 20 मई, छठे चरण का मतदान 26 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को संपन्न कराया जाएगा। नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *