शादी का झांसा देकर नाबालिक से बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में हॉकी खिलाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज

भारतीय हॉकी टीम के डिफेंडर वरुण कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उनके ऊपर एक युवती को शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप है। साल 2021 के अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित वरुण कुमार पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाया है और उन पर पॉक्सो केस दर्ज किया गया है। युवती ने अपने शिकायत में कहा है कि वरुण ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ पिछले 5 वर्षों से कई बार बलात्कार किया। वे एक-दूसरे को 2019 से जानते हैं।

शिकायतकर्ता युवती का चयन वर्ष 2016-17 में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा वॉलीबॉल खेल में किया गया था और वह भारतीय खेल प्राधिकरण के साउथ डिवीजन में प्रशिक्षण ले रही थी। नाबालिग लड़की की जान-पहचान हॉकी खिलाड़ी वरुण कुमार से सोशल मीडिया के जरिए हुई।

महिला, जो अब 21 साल की है, ने बताया कि 2019 में जब वह वरुण से मिली थी तब उसकी उम्र 17 वर्ष थी। उसकी मुलाकात हॉकी खिलाड़ी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई। इस दौरान वरुण स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) में ट्रेनिंग ले रहे थे।

वरुण पर लगे आरोपों पर बात करते हुए उनके पिता ब्रह्मानंद ने बताया कि उनकी बेटे से बात नहीं हो पा रही है, उनका फोन बंद है। पिता ने कहा, “मुझे नहीं पता ये क्या मामला है। वरुण का फोन बंद चल रहा है। उससे बात करने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा कि मामला क्या है। वरुण फिलहाल ओडिशा में भारतीय हॉकी टीम के कैंप में गया हुआ है। उससे बात होने के बाद मामला क्लियर हो पाएगा।”

वरुण को दो दिन पहले ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नियुक्ति पत्र सौंपा था। उन्हें पंजाब पुलिस में डीएसपी बनाया गया है।

मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले वरुण कुमार हॉकी के लिए पंजाब चले गए थे। उन्होंने 2017 में भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया और 2022 बर्मिंघम-राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता।

वरुण कुमार 2022 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे और 2020 टोक्यो ओलंपिक में भारत की कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य भी थे।

वरुण कुमार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

अधिकारियों ने कहा, ”’वरुण भाग रहे हैं। उनकी तलाश जारी है।” उन्होंने बताया कि पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए जालंधर में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *