दिल्ली पुलिस के ACP के बेटे का मर्डर, हरियाणा में फेंकी लाश, एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

दिल्ली में एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के बेटे की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए एक संदिग्ध ने दावा किया है कि युवक को हरियाणा के पानीपत में एक नहर में धकेल दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, एसीपी यशपाल चौहान का 26 वर्षीय बेटा लक्ष्य चौहान 22 जनवरी की शाम से लापता है।

पेशे से वकील लक्ष्य 22 जनवरी को दो अन्य लोगों – विकास भारद्वाज, और अभिषेक के साथ एक एसयूवी में हरियाणा के भिवानी में एक शादी में शामिल होने गए थे। वो तीस हजारी कोर्ट में क्लर्क के रूप में काम करते थे।

हालांकि, लक्ष्य घर नहीं लौटे, जिसके बाद एसीपी ने 23 जनवरी को समयपुर बादली पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। और फिर तलाशी अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार को 19 साल के अभिषेक को पुलिस ने दिल्ली के नरेला स्थित जवाहर कैंप से पकड़ा था।

पूछताछ में उसने बताया कि 22 जनवरी को विकास ने उसे फोन किया था और सोनीपत में एक शादी समारोह में अपने साथ आने को कहा था। विकास ने बताया कि लक्ष्य ने उससे कर्ज लिया था और जब उसने पैसे मांगे तो उसने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद उन्होंने लक्ष्य की हत्या की योजना बनाई।

विकास और अभिषेक सोमवार दोपहर मुकरबा चौक पर मिले और लक्ष्य की कार में सोनीपत चले गए।

अभिषेक ने पुलिस को बताया कि जब वे 23 जनवरी की तड़के समारोह से लौट रहे थे, तो उन्होंने लक्ष्य को पानीपत के पास एक नहर में धक्का दे दिया और चले गए।

उसने यह भी कहा कि विकास ने उसे दिल्ली के नरेला में छोड़ा और कार लेकर चला गया।

इस बीच एफआईआर में आईपीसी की धारा 302 और 201 जोड़ी गई है। मामले में अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है और विकास की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लक्ष्य के शव की तलाश भी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *