आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने किया सुसाइड, ‘लगान’, ‘जोधा अकबर’ जैसी बॉलीवुड फिल्मों में कर चुके हैं काम

आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई कर्जत के पास खालापुर रायगढ़ में अपने एनडी स्टूडियो में मृत पाए गए हैं। यह चौंकाने वाली खबर 9 अगस्त को उनके 58वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले आई है। कर्जत के स्थानीय विधायक महेश बाल्दी (भाजपा) ने पुष्टि की कि नितिन देसाई ने वित्तीय संकट के कारण आत्महत्या कर ली है। बाल्दी ने कहा, ”नितिन देसाई का एनडी स्टूडियो मेरे विधानसभा क्षेत्र में आता है, काफी दिनों से आर्थिक तंगी चल रही थी और उसी के चलते उन्होंने आज सुबह एनडी स्टूडियो में आत्महत्या कर ली।”

इस बीच, रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने कहा, ”हम सभी दृष्टिकोण से जांच कर रहे हैं।”

नितिन देसाई की 2 अगस्त को सुबह 4:30 बजे आत्महत्या से मृत्यु हो गई। एक पुलिस वैन को एनडी स्टूडियो में प्रवेश करते हुए भी देखा गया।

उनके मैनेजर ने बताया कि मुंबई के नजदीक कर्जत में अपने एनडी स्टूडियो में रात में 3.30 बजे फांसी लगाई। उनकी उम्र 58 साल थी। वे अपना ज्यादातर वक्त इसी स्टूडियो में बिताते थे।

फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कला निर्देशक नितिन चंद्रकांत देसाई को याद किया। उन्होंने कहा, “मैंने उनके साथ चार फिल्मों – ट्रैफिक सिग्नल, फैशन, इंदु सरकार और जेल में काम किया। वह एक प्रतिभाशाली कला निर्देशक थे। भारतीय फिल्म उद्योग में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना।”

नितिन देसाई ने अपनी मेहनत से 52 एकड़ में फैले एनडी स्टूडियो की 2005 में स्थापना की थी। वो इसके क्रिएटर और फाउंडर हैं। एनडी स्टूडियो में इनडोर के अलावा आउटडोर शूटिंग ऑप्शन भी हैं। 2008 में अमेरिका स्थित फिल्म स्टूडियो 20वीं सेंचुरी फॉक्स ने एनडी स्टूडियो में चार मंजिलें किराए पर लेने के लिए 10 साल की डील की थी। माइथोलॉजिकल शोज के भव्य सेट यहां देखने को मिलेंगे। उनके स्टूडियो ने जोधा अकबर, ट्रैफिक सिग्नल और कलर के रियलिटी शो बिग बॉस जैसी फिल्मों की मेजबानी की है।

नितिन देसाई को ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘देवदास’, ‘जोधा अकबर’ और ‘लगान’ जैसी कुछ ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए भव्य सेट डिजाइन करने के लिए जाना जाता है।

अपने 20 साल के करियर में नितिन ने आशुतोष गोवारिकर, विधु विनोद चोपड़ा, राजकुमार हिरानी और संजय लीला भंसाली जैसे निर्देशकों के साथ काम किया है। 2002 में, वह चंद्रकांत प्रोडक्शंस की देश देवी के साथ फिल्म निर्माता बने, जो कच्छ की देवी माता पर एक भक्ति फिल्म थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *