Wrestlers Protest: महिला पहलवानों ने स्मृति ईरानी, ​​निर्मला सीतारमण को लिखा पत्र, कहा- ‘हमारी आवाज बनें’

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिला पहलवानों ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और निर्मला सीतारमण समेत भाजपा की 41 अन्य महिला नेताओं को पत्र लिखकर न्याय की मांग की है।

महिला पहलवानों ने जो पत्र भेजा है उसमें कहा गया है, “हम भारत की महिला पहलवानों का भारतीय पहलवान महासंघ के अध्यक्ष द्वारा यौन शोषण किया गया है। महासंघ के लंबे समय तक अध्यक्ष रहने के दौरान उनके द्वारा कई बार पहलवानों का यौन शोषण किया गया। कभी-कभी पहलवानों ने आवाज उठाने की कोशिश की लेकिन उसकी ताकत ने पहलवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया, न्याय की तो बात ही छोड़िए। अब चूंकि पानी नाक के ऊपर है, हमारे पास महिला पहलवानों की गरिमा के लिए लड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।”

इस पत्र में महिला पहलवानों ने आगे लिखा है- “हमने अपने जीवन और खेल को एक तरफ छोड़ दिया है और अपनी गरिमा के लिए लड़ने का फैसला किया है। हम जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमारे अवलोकन के अनुसार, उनकी शक्ति ने न केवल प्रशासन की रीढ़ तोड़ दी है, बल्कि हमारी सरकार को बहरा और अंधा भी बना दिया है।”

पत्र में पहलवानों ने कहा है कि, “सत्तारूढ़ दल की संसद की महिला सदस्य होने के नाते, हमें आपसे बहुत उम्मीद है और हम आपसे हमारी मदद करने का अनुरोध करते हैं। कृपया हमारी आवाज बनें और हमारी गरिमा को बचाएं। हम यह भी उम्मीद करते हैं कि आप हमारा मार्गदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर पहुंचने के लिए कुछ समय निकाल सकती हैं।”

मालूम हो कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवान करीब 25 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसका कोई अंत नजर नहीं आ रहा है। पहले बृजभूषण के खिलाफ एफआईआर की मांग करने वाले पहलवानों ने अब यौन उत्पीड़न के आरोप में उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *