‘गुंडे पुकारते है अखिलेश आए’: यूपी बीजेपी के नए कैंपेन सॉन्ग में अतीक अहमद का जिक्र

उत्तर प्रदेश शहरी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मतदाताओं तक पहुंचने और विपक्षी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधने के लिए संगीतमय रास्ता अपनाया है। ‘गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आए’ शीर्षक वाले पैरोडी ट्रैक वाले भाजपा के इस नए अभियान गीत में गैंगस्टर से राजनेता बने मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद दिख रहे हैं। इस वीडियो में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के मोंटाज भी चलते हैं। वीडियो में अखिलेश यादव को मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद से मुलाकात करते हुए भी दिखाया गया है।

यूपी बीजेपी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से यह गाना ट्वीट किया गया है। अखिलेश यादव को केंद्र में रखते हुए ही यह पूरा गाना तैयार किया गया है। गाने में मुजफ्फरनगर दंगों, महिलाओं के खिलाफ अपराध का भी जिक्र है। साथ ही मुख्तार अंसारी और पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति को भी दिखाया गया है।

इस गाने के बोल हैं “अपराधियों को नेता बनाया तुमने था। अतीक और मुख्तार का उद्धार तुमसे था।” भाजपा ने समाजवादी पार्टी पर उत्तर प्रदेश को लूटने और “जेपी” के नाम से प्रसिद्ध समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण के सपने को चकनाचूर करने का भी आरोप लगाया।

वहीं इस गाने को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने ट्वीट कर बीजेपी पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है, लेकिन इस बड़ी पार्टी का दिवालियापन भी देखने लायक है। उन्होंने ट्वीट किया- ‘दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करनेवालों का दिवालियापन देखिए कि उनके पास चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी तक नहीं है। इसका मतलब या तो भाजपा के पास कोई कार्यकर्ता नहीं है या फिर भाजपा में अपने कार्यकर्ताओं को टिकट न देकर अपमान करने की परंपरा है। भाजपा अंदरूनी लड़ाई में उलझी है’।

बीजेपी के इस गीत को देखकर यही लगता है कि ये अभियान गीत समाजवादी पार्टी के खिलाफ निर्देशित है, जिसे भाजपा अक्सर गुंडों की पार्टी करार देती है।

बता दें कि यूपी शहरी स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में 4 और 11 मई को होंगे, जबकि वोटों की गिनती 13 मई को होगी। सभी पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति के मुताबिक चुनाव प्रचार में लगी हैं और ज्यादा से ज्यादा सीट जीतने का दावा कर रही हैं। बीजेपी ने यूपी में मेयर की सभी 17 सीटों पर चुनाव जीतने का लक्ष्य रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *