प्रयागराज में मारे गए गैंगस्टर-राजनेता अतीक अहमद के आंशिक रूप से ध्वस्त कार्यालय के अंदर पुलिस को खून के धब्बे मिले हैं। प्रयागराज के चकिया इलाके में स्थित कार्यालय में सीढ़ियों और सोफे पर रखे सफेद कपड़े के टुकड़े पर खून के धब्बे बिखरे मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वे किसके खून के धब्बे हैं। आंशिक रूप से तोड़े गए कार्यालय में एक चाकू भी मिला है। पुलिस की जांच चल रही है।
अतीक अहमद के कार्यालय में मिले खून के धब्बों पर एसीपी सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि, ‘”मैंने खुद जांच की है, सीढ़ी के पास और रसोई के बगल में खून के धब्बे मिले हैं … एफएसएल टीम जांच करेगी, सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जाएगी…”
दरअसल, प्रयागराज की पुलिस आज अतीक अहमद के दफ्तर पहुंची तो सीढ़ियों से छत तक खून के छीटें मिले। पुलिस को खून से सना चाकू मिला। खून से सना दुपट्टा भी मिला। पुलिस ने जो कुछ देखा वो सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला था। अतीक के चकिया स्थित इस ऑफिस पर 2017 में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने बुलडोजर चलाया था। इसके बाद से दफ्तर वीरान हो गया था, लेकिन यहीं से अतीक अपने गैंग को चला रहा था। उमेश पाल की हत्या के पास पुलिस ने इसी दफ्तर में छापेमारी करके 72 लाख रुपये कैश के साथ 10 असलहे, 112 कारतूस और छह मोबाइल बरामद किया था।
वहीं उमेश पाल हत्याकांड के 58 दिन बाद एड़ी-चोटी का जोर लगाने के बाद भी अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन का अता-पता नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, अब शाइस्ता पर इनाम बढ़ाने की भी तैयारी हो रही है। शाइस्ता पर इनाम 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार किया गया था। अब उस इनाम को बढ़ाकर एक लाख करने की तैयारी चल रही है। शाइस्ता परवीन को पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश में कई जगह छापेमारी भी की जा रही है।
बता दें कि 15 अप्रैल को जब अतीक को पुलिस टीम द्वारा प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था तभी तीन शूटरों द्वारा उसे गोली मार दी गई थी। वह पुलिस हिरासत में था। पूरी शूटिंग कैमरे में लाइव कैद हुई।अतीक, उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी था। 24 फरवरी को बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन धूमनगंज थाने में अतीक, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों, सहयोगी गुलाम और गुड्डू मुस्लिम और नौ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
