9 घंटे की मैराथन पूछताछ के बाद ईडी दफ्तर से निकलीं के कविता, ED ने 16 मार्च को फिर से किया तलब

दिल्ली शराब नीति मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के कविता से नई दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में 9 घंटे से अधिक लंबी पूछताछ हुई। ईडी ने उन्हें 16 मार्च को फिर से तलब किया है।

पूछताछ के दौरान ईडी ने कविता से उनका मोबाइल फोन मांगा, जो उनके आवास पर ही रखा हुआ था। उसके बाद के कविता के सुरक्षाकर्मी घर गए और ईडी कार्यालय में जमा करने के लिए फोन ले आए। के कविता दिल्ली शराब घोटाले में अपनी संदिग्ध भूमिका के लिए केंद्रीय एजेंसियों की जांच के दायरे में हैं। पूछताछ के दौरान, एक गिरफ्तार अभियुक्त अरुण पिल्लई से उनका सामना होने की संभावना थी, जो उनका करीबी सहयोगी भी था।

ईडी कार्यालय से निकलने के बाद कविता तेलंगाना के मुख्यमंत्री आवास पहुंची जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

ईडी के समन पर प्रतिक्रिया देते हुए बीआरएस प्रमुख केसीआर ने कहा, ‘बीजेपी को जो करना है करने दीजिए, हम पीछे नहीं हटेंगे।’ तेलंगाना भवन में एक बंद कमरे में बैठक को संबोधित करते हुए केसीआर ने कहा कि बीजेपी तेलंगाना में छापे, तलाशी, ईडी/आईटी समन के जरिए विपक्षी पार्टी के नेताओं के लिए परेशानी पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से राज्य में आगामी चुनावों की तैयारी करने को भी कहा।

कविता से ईडी की पूछताछ पर AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट किया और कहा, ‘भाजपा सांसदों ने मुसलमानों के आर्थिक बहिष्कार का आह्वान किया है; उन्होंने लोगों से घर में हथियार रखने को कहा है। लेकिन मोदी सरकार तेलंगाना के समावेशी विकास का नेतृत्व करने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री और उनके परिवार को निशाना बनाने में व्यस्त है।’

इससे पहले कविता ने शुक्रवार को दिल्ली में अपनी भूख हड़ताल का हवाला देते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी से शनिवार तक पूछताछ स्थगित करने को कहा था। ईडी ने उनके अनुरोध पर सहमति व्यक्त की और पूछताछ को शनिवार के लिए र्निर्धारित किया था।

बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पिछले साल दिसंबर में के कविता से दिल्ली आबकारी नीति मामले में उनकी संदिग्ध भूमिका के लिए पूछताछ कर चुकी है। इसी मामले में आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *