‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उत्तर प्रदेश में दूसरा दिन: बुधवार को बागपत के मवीकलां से आगे बढ़ी यात्रा, 5 जनवरी को कैराना से होकर गुजरेगी

उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज दूसरा दिन है। बुधवार सुबह 6.15 बजे राहुल और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में बागपत के मवी कलां से यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा शुरू होने से पहले सुबह में तिरंगा फहराने के साथ राष्ट्रगान किया गया और फिर फिर आतिशबाजी हुई। आज की यात्रा में रालोद कार्यकर्ता भी शामिल हुए। प्रदेश में यह पहला राजनीतिक दल है तो ऑफिशियल तौर पर यात्रा में शामिल हुआ। 48 किलोमीटर की यह यात्रा शामली के एलम में बुधवार को नाइट स्टे करेगी। 5 जनवरी की सुबह यात्रा कैराना से होकर गुजरेगी।

बुधवार को चल रही यात्रा में रालोद, पीस पार्टीऔर भीम आर्मी के कार्यकर्ता शामिल हुए। बागपत जिले से भीम आर्मी के करीब 200 कार्यकर्ताओं का दल रैली में शामिल हुआ। बागपत जब यात्रा पहुंची तो रालोद कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अग्निवीर भर्ती के खिलाफ बागपत में 5 युवाओं ने राहुल गांधी से मुलाकात की। इनका कहना था कि सेना में भर्ती प्रक्रिया पुराने तरीके से हो। राहुल गांधी ने उन्हें आश्वासन दिया कि अगर वे सत्ता में वापस लौटेंगे तो उनकी मांग पर अमल किया जाएगा।

राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने की राहुल गांधी की तारीफ –

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ की और कहा कि, “मैं तो कहता हूं कि आप सबको भी हिंदुस्तान की पदयात्रा करके भारत का अध्ययन करना चाहिए। एक नौजवान (कांग्रेस सांसद राहुल गांधी) इस ठंड में देश में पैदल चल रहा है, ये प्रशंसनीय है।एक 50 साल का नौजवान देश को समझ रहा और 3,000 किमी पैदल चल रहा है तो हम इसकी प्रशंसा ही करेंगे’।

उन्होंने कहा, ‘मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें आशीर्वाद दें ताकि राष्ट्र एकजुट, मजबूत और सामंजस्यपूर्ण बना रहे। भारत जोड़ो अच्छा नारा है और भारत को एकजुट होना चाहिए।’

राम मंदिर न्यास के एक अन्य वरिष्ठ न्यासी गोविंद देव गिरि ने भी राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तारीफ़ की और कहा, ‘मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें आशीर्वाद दें ताकि राष्ट्र एकजुट, मजबूत और सामंजस्यपूर्ण बना रहे। भारत जोड़ो अच्छा नारा है और भारत को एकजुट होना चाहिए।’

इससे पहले राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने राहुल गांधी को भेजे एक पत्र में अपना समर्थन जताया। दास ने गांधी को लिखा, ‘मैं आशा करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि जिस मिशन के लिए आप लड़ रहे हैं, वह सफल हो, मैं आपको आपके लंबे जीवन का आशीर्वाद देता हूं।’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी UP में 3 दिन में करीब 130 किलोमीटर पैदल चलेंगे। यात्रा इस दौरान यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली से गुजरेगी। अपने तीन दिनों की यात्रा में राहुल यूपी के तीन लोकसभा सीटें और 11 विधानसभा क्षेत्रों की साधने की कवायद करेंगे।

5 जनवरी की सुबह यात्रा एलम से शुरू होगी और कांधला, ऊंचागांव, कैराना होते हुए पानीपत बॉर्डर के रास्ते हरियाणा में एंट्री कर जाएगी। 5 जनवरी का नाइट स्टे हरियाणा में होगा। छह जनवरी से 10 जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी और एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और फिर 30 जनवरी को राहुल गांधी तिरंगा फहराकर समापन करेंगे।

कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के बहाने राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने का प्लान बनाया है। इसी कड़ी में अतिपिछड़े वर्ग के अलग-अलग जाति के नेताओं और संगठन के लोग राहुल गांधी की साथ पदयात्रा में शिरकत करेंगे। राजभर, पाल, कुशवाहा, नाई, बंजारा, कुर्मी, मल्लाह, कश्यप, सैनी, शाक्य, चौहान सहित अतिपिछड़ी जाति के नेता राहुल गांधी के संग पहली कतार में चलेंगे। राहुल गांधी से अतिपिछड़े वर्ग के नेता अपनी समस्याएं और मुद्दों पर बात करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा में दलित और अदिवासी समुदाय के लोग भी राहुल के साथ पदयात्रा करेंगे। इसके अलावा सिविल सोसायटी और सामाजिक संगठन से जुड़े हुए लोग भी शिरकत करेंगे तो साहित्यकार और बुद्धिजीवी भी शामिल होंगे।

26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा

जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कके नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।

बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 10 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा शामिल हैं। हालांकि, हरियाणा में यात्रा का दूसरा फेज बाकी है। राहुल ने अब तक करीब 3100 किमी की यात्रा पुत्र कर लिया है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *