सोनिया गांधी सर गंगा राम हॉस्पिटल में हुई भर्ती, हॉस्पिटल ने कहा- “श्वास संबंधी संक्रमण के इलाज के लिए हुई हैं एडमिट”

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी बुधवार को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक उनकी बेटी प्रियंका गांधी भी उनके साथ अस्पताल में मौजूद थीं। सूत्रों की अगर मानें तो सोनिया गांधी की तबियत मंगलवार से ही ठीक नहीं थी, जिस वजह से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मंगलवार की शाम को यात्रा ख़त्म होते ही दिल्ली लौट आए थे।

सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए बताया- “UPA अध्यक्ष सोनिया गांधी को आज हमारे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वायरल रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन की निगरानी और इलाज के लिए उन्हें चेस्ट मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया है”।

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बागपत में रात में रुकने के बाद बुधवार सुबह छह बजे बागपत के ही मवीकलां से फिर शुरू हुई। हालांकि प्रियंका गांधी बुधवार को राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल नहीं हुईं। सोनिया की तबीयत ठीक होने के बाद प्रियंका एक बार फिर यूपी में जारी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती हैं।

मालूम हो कि सोनिया गांधी बीते चार सितंबर को कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं थीं। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा भी की थी। पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी कभी अपनी मां के कंधे पर हाथ रखे नजर आए थे, तो कभी उन्होंने मां के जूतों के फीते खुलने के बाद उन्हें बांधा। सोनिया गांधी के जूतों के फीते बांधने वाली फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। उन्होंने लिखा था, मां तो मां होती है, उनका कोई तोड़ नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *