तेलंगाना में पिता के सामने से ही लड़की को जबरन उठा ले गए बदमाश, जबरदस्ती खींचकर कार में बिठाया, CCTV में घटना हुई कैद

तेलंगाना में 18 साल की एक लड़की को अगवा करने का मामला सामने आया है। तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले में कुछ अज्ञात बदमाशों ने मंगलवार सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर एक 18 साल की लड़की का उसके पिता के सामने से ही अपहरण कर लिया। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पिता ने पुलिस थाने में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया है। लड़की का नाम शालिनी है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, तेलंगाना के सिरसिला जिले में पिता और बेटी मंदिर से घर लौट रहे थे। उस समय 18 साल की लड़की को चार लोग जबरन उठाकर ले गए।

घटना का जो सीसीटीवी वीडियो सामने आया है उसमे दिख रहा है कि एक सफेद रंग की कार पहले से ही खड़ी हुई है। जैसे गाड़ी में सवार गुंडे लड़की और उसके पिता को बाहर आते हुए देखते हैं, गाड़ी से दो तीन लोग उतरते हैं और लड़की के पिता को पकड़ते हैं। इतने में लड़की भागने की कोशिश करती है लेकिन बदमाश उसे जबरन खींचकर कार में बिठा लेता है कार का दरबाजा बंद कर देता है। इतने में बाकी लोग भी जल्दी से आकर गाड़ी में बैठ जाते हैं और लड़की को लेकर फरार हो जाते हैं। पिता उस कार के पीछे-पीछे दौड़ने लगते हैं लेकिन सभी बदमाश फरार हो जाते हैं।

लड़की के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

वेमुलावाड़ा के डीएसपी नागेंद्र चारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लड़की के किडनैपिंग का मामला दर्ज कर लिया गया है। लड़की का पता लगाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। घटना में 4 लोग शामिल हैं। जानकारी मिली है कि युवती पिछले दिनों अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। ऐसे में अब जब वह बालिग हो गई है तो हो सकता है कि वह (उसका प्रेमी) उसे ले गया हो। फिलहाल उन्हें पकड़ने के लिए 3 टीमों का गठन किया गया है।

बता दें कि पुलिस को इस बात की आशंका है कि ज्ञानेश्वर नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ युवती को किडनैप किया होगा। कहा जा रहा है कि ज्ञानेश्वर पहले शालिनी से एक तरफा प्रेम करता था, शालिनी उससे प्रेम नहीं करती थी। परेशान करने के आरोप में उसके खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत उसको गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शायद इसी नाराजगी के चलते साजिश के तहत उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लड़की को किडनैप किया होगा। लेकिन अभी इस बात की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *