मंगलवार को दिल्ली के छतरपुर में श्रद्धा की हत्या के विरोध में हिंदू एकता मंच ने बेटी बचाओ महापंचायत का आयोजन किया था। लेकिन कार्यक्रम के बीच में ही मंच पर बवाल मच गया। एक महिला ने माइक से कुछ बोला और उसके तुरंत बाद मंच पर ही मौजूद एक शख्स को ताबड़तोड़ चप्पलें जड़ दीं। महिला के चप्पल बरसाने के बाद कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। मंच पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव करके महिला को रोका। महिला का कहना है कि उसकी बेटी पांच दिनों से गायब है और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला ने आरोप लगाया कि उसने जिसे मारा है उसका बेटा उसकी बेटी को भगाकर ले गया है और पुलिस ने अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया है। महिला ने कहा कि उसके बेटी को इन लोगों के चंगुल से छुड़ाया जाना चाहिए।
बताया जा रहा है कि दिल्ली के छतरपुर इलाके में श्रद्धा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर हिंदू एकता मंच ने इस महापंचायत का आयोजन किया था। आफताब ने जिस तरीके से श्रद्धा की हत्या की है, उससे हिंदू संगठनों में काफी रोष है। इसी को लेकर हिंदू एकता मंच ने आज यह महापंचायत बुलाई थी। इस पंचायत में महिला और पुरुष दोनों शामिल हुए थे। ये पंचायत भी उसी इलाके में हो रही थी, जिस इलाके में आफताब का फ्लैट है। बेटी बचाओ फाउंडेशन ने भी इस महापंचायत को अपना समर्थन दिया था। जब हिंदू एकता मंच के पदाधिकारी भाषण दे रहे थे, तभी महिला मंच पर चढ़ गई। महिला मंच पर अपनी परेशानी बताना चाह रही थी, लेकिन एक व्यक्ति उसको रोकता है। इसी से महिला नाराज हो जाती है और उस शख्स की चप्पल से पिटाई करना शुरू कर देती है। तभी मंच पर मौजूद बाकी लोगों ने बीच बचाव किया।
मालूम हो कि सोमवार रात को श्रद्धा केस में आरोपी आफताब पर भी हिंदू सेना ने हमला करने की कोशिश की थी। जिस वैन से आफताब को लेकर पुलिस जा रही थी, उस पर हिंदू सेना ने हमला किया था। हिंदू सेना का कहना था कि आफताब ने जिस तरीक से हमारी हिंदू बहन की हत्या की है. उसके 70 टुकड़े कर देंगे।
आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ पूरा-
मंगलवार को श्रद्धा मर्डर केस में मुख्य आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट पूरा कर लिया गया है। फारेंसिंक साइंस लैब में उसका पॉलीग्राफ टेस्ट पूरा होने के बाद उसे वापस जेल ले जाया गया। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी के असिस्टेंट डायरेक्टर संजीव गुप्ता ने कहा है कि श्रद्धा मर्डर केस में मुख्य आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट मंगलवार को पूरा हो गया है। यह पिछले हफ्ते शुरू हुआ था। हम इस केस को प्राथमिकता पर रख रहे हैं। इस टेस्ट की रिपोर्ट जल्द ही पुलिस को दी जाएगी।
श्रद्धा के हत्या की वजह सामने आई-
श्रद्धा मर्डर केस आज एक खुलासा ये हुआ कि श्रद्धा आफताब से ब्रेकअप करना चाहती थी और यही बात आफताब को चुभ गई। इसके बाद आफताब ने बेरहमी से श्रद्धा की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा आफताब के रवैए और मारपीट से तंग आ गई थी। ऐसे में उसने आफताब से अलग होने का फैसला कर लिया था। वह आफताब से ब्रेकअप करना चाहती थी। 3-4 मई को श्रद्धा ने अलग होने का फैसला भी कर लिया था. लेकिन आफताब को यह बात पसंद नहीं आई और उसने श्रद्धा की हत्या कर दी।
बता दें कि आफताब ने 18 मई को श्रद्धा की हत्या कर दी थी। दोनों दिल्ली के महरौली में फ्लैट में लिव-इन में रह रहे थे। 18 मई की रात को श्रद्धा और आफताब का झगड़ा हुआ था। इसके बाद आफताब ने उसकी हत्या की और शव के 35 टुकड़े कर फ्रिज में रख दिया। वह रोज रात में महरौली के जंगल में शव के टुकड़े को फेंकने जाता था। पुलिस ने आफताब को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया था। आफताब का 1 दिसंबर को नार्को टेस्ट होना है।
