बिहार के मंत्री का दावा – लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से मिली जान से मारने की धमकी

बिहार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्हें एक व्यक्ति से जान से मारने की धमकी मिली है, जिसने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई बताया है। मंत्री ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की है।

मंत्री ने कहा कि आज मेरे मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई बताया। उसने 30 लाख रुपये की मांग की। उसने कुछ देर बाद फिर फोन किया। मुझे बाबा सिद्दीकी की याद दिलाते हुए धमकी दी कि अगर मैंने पैसे नहीं दिए तो वह मुझे भी उसी तरह जान से मार देगा।”

सिंह ने कहा, “एक धमकी देने वाले व्यक्ति ने उन्हें कई धमकी भरे मैसेज भेजे हैं। साथ ही एक स्कैनर भी भेजा है, जिसके माध्यम से 30 लाख रुपए की मांग की गई है। धमकी देने वाले ने कहा है कि अगर जिंदगी की सलामती चाहता है तो 30 लाख रुपए ट्रांसफर कर दो। पहले फोन फिर व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर कहा गया कि जिस तरह बाबा सिद्दीकी का हाल हुआ, तेरा भी होगा। तेरी गाड़ी का नंबर 00011 है, जो भी गाड़ी में बैठोगे। बस दिमाग लगाकर मार देना है।”

फोन करने वाले ने मंत्री को पैसे भेजने का तरीका भी बताया।

मंत्री ने कहा, “मैंने तुरंत डीजीपी को सूचित किया और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। मेरे खिलाफ कोई मामला नहीं है और न ही कोई राजनीतिक दुश्मनी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।”

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने कहा, “इस संबंध में कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *