पुष्पा 2 भगदड़ मामले में हैदराबाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन से की पूछताछ

तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन से उनकी फिल्म ‘पुष्पा 2: द राइज’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में 35 वर्षीय महिला की मौत के मामले में हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में पुलिस ने पूछताछ की। अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद भी उनके साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। अर्जुन अपने वकील अशोक रेड्डी के साथ पूछताछ में शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रमेश और सर्कल इंस्पेक्टर राजू की देखरेख में की गई।

सूत्रों के मुताबिक, अर्जुन से संभवत: पूछा गया कि क्या थिएटर प्रबंधन ने उन्हें अपनी फिल्म के प्रीमियर के लिए संध्या थिएटर जाने की पहले से इजाजत दी थी?

अभिनेता से पूछा गया कि क्या उन्हें या उनकी जनसंपर्क टीम को थिएटर जाने के लिए पुलिस की अनुमति मिली थी और उन्होंने दौरे के लिए कितने बाउंसरों की व्यवस्था की थी? उनसे संभवतः यह पूछताछ की गई कि क्या उनकी पीआर टीम ने उन्हें थिएटर की स्थिति के बारे में पहले से जानकारी दी थी?

पुलिस ने अल्लू अर्जुन से ये सवाल पूछे-

क्या मैनेजमेंट ने आपको पहले बताया था कि संध्या थिएटर नहीं आएं?
क्या आपको पता था कि पुलिस के पास मंजूरी नहीं थी? क्या आपको नहीं पता था?
क्या आपने संध्या थिएटर के प्रीमियर शो में आने के लिए मंजूरी ली थी?
क्या आपके पास उसकी कॉपी है?
क्या आप या आपकी पीआर टीम ने पुलिस से मंजूरी ली थी?
क्या आपकी पीआर टीम ने आपको पहले ही संध्या थिएटर के आसपास की स्थिति से वाकिफ कराया था?
आपने कितने बाउंसर्स की व्यवस्था की थी?

अर्जुन के घर के बाहर भारी सुरक्षा थी क्योंकि रविवार की घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर दी थी। रविवार को उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्र होने का दावा करने वाले लोगों के एक समूह ने आवास में घुसकर संपत्ति में तोड़फोड़ की थी।

अर्जुन को 4 दिसंबर को पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग के दौरान हुई भगदड़ की चल रही जांच के तहत मंगलवार को पुलिस के सामने पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था। उन्हें सुबह 11 बजे पेश होने के लिए कहा गया था। अभिनेता ने पहले कहा था कि वह जांच में सहयोग करेंगे।

मालूम हो कि 4 दिसंबर को, पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग के दौरान अर्जुन के संध्या थिएटर में जाने के दौरान मची भगदड़ में रेवती नाम की महिला की मौत हो गई थी और उसके आठ साल के बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना तब हुई जब अभिनेता की एक झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक वहां पहुंच गए थे।

इस घटना के बाद, पुलिस ने अभिनेता, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

अर्जुन को मामले के सिलसिले में 13 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसी दिन, उन्हें तेलंगाना उच्च न्यायालय से चार सप्ताह की अंतरिम जमानत मिल गई। बाद में उन्हें 14 दिसंबर की सुबह जेल से रिहा कर दिया गया।

अर्जुन ने पीड़ित परिवार के लिए 25 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की, जबकि पुष्पा 2 के निर्माताओं ने 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी।

इससे पहले रविवार को, उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्र होने का दावा करने वाले लोगों के एक समूह ने अभिनेता के घर पर धावा बोल दिया और पीड़ित परिवार को मुआवजे के रूप में 1 करोड़ रुपये की मांग की। उन्होंने टमाटर फेंके, फूलों के गमले तोड़ दिये और संपत्ति को नष्ट कर दिया।

पुलिस ने घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इन सभी को सोमवार को हैदराबाद की एक अदालत से जमानत मिल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *