दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में बेसमेंट में चल रहे 13 अवैध कोचिंग सेंटर को MCD ने किया सील

दिल्ली में एक आईएएस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में अचानक पानी भर जाने से हुए तीन छात्रों की मौत के बाद, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पुराने राजिंदर नगर इलाके में 13 कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया है। ये कोचिंग सेंटर्स नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। दिल्ली की मेयर शेली ओबेरॉय ने कहा कि नगर निकाय की एक टीम ने इलाके के कई कोचिंग सेंटरों की तलाशी ली और बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां चला रहे संस्थानों को सील कर दिया।

मेयर ने एक्स पर लिखा, “शनिवार की दुखद घटना के बाद एमसीडी ने राजिंदर नगर के उन सभी कोचिंग सेंटरों को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है जो बेसमेंट में नियमों का उल्लंघन कर रहे थे! अगर जरूरत पड़ी तो यह अभियान पूरी दिल्ली में चलाया जाएगा!”

राजेंद्र नगर इलाके में अवैध रूप से बेसमेंट में संचालित 13 कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया है, इनमें ये सेंटर्स शामिल हैं:

आईएएस गुरुकुल
चहल अकादमी
प्लूटस अकादमी
साई ट्रेडिंग
आईएएस सेतु
टॉपर्स अकादमी
दैनिक संवाद
सिविल्स डेली IAS
करियर पावर
99 नोट्स
विद्या गुरु
गाइडेंस IAS
ईजी फॉर IAS

इससे पहले रविवार दिन में ओबेरॉय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एमसीडी के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पूरी दिल्ली में जितने भी कोचिंग सेंटर बेसमेंट में चल रहे हैं और बिल्डिंग बॉयलॉज और नॉर्म्स का उल्लंघन कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए सील किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि यह पता लगाने के लिए तत्काल जांच की जाएगी कि क्या RAU’S IAS स्टडी सर्कल में हुई घटना के लिए एमसीडी का कोई अधिकारी जिम्मेदार है। उन्होंने पहले एक बयान में कहा, “अगर कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

घटना के बाद राष्ट्रीय राजधानी में भवन निर्माण मानदंडों का उचित कार्यान्वयन सुनिश्चित नहीं करने के लिए नगर निगम आलोचना की चपेट में आ गया है। छात्रों की मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराए जाने की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने रविवार को मेयर के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

इस बीच रविवार देर शाम ओल्ड राजिंदर नगर के छात्र नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त से पार्षद उमंग बजाज और अभिषेक टंडन सहित कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ मुलाकात की और कोचिंग सेंटर में बाढ़ आने की घटना पर चर्चा की।

RAU’S IAS स्टडी सर्कल के मालिक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कोचिंग सेंटर ने युवा लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है और कहा है कि वे चल रही जांच का समर्थन करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

इससे पहले पिछले साल मुखर्जी नगर में एक आईएएस कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने के बाद बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे कोचिंग सेंटरों का सर्वेक्षण शुरू किया गया था। हालांकि, आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई को बीच में ही रोक दिया गया।

इस साल मई में, दिल्ली उच्च न्यायालय ने एमसीडी और दिल्ली विकास प्राधिकरण को अग्नि सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन कर चल रहे कोचिंग सेंटरों को तुरंत बंद करने का निर्देश दिया था।

मालूम हो कि शनिवार की रात भारी बारिश के दौरान RAU’S IAS स्टडी सर्कल के बेसमेंट में स्थित लाइब्रेरी में पानी भर जाने से तीन सिविल सेवा अभ्यर्थियों – दो महिलाएं और एक पुरुष छात्र – की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि न तो संस्थान और न ही इमारत के सामने की सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था थी। साथ ही कोचिंग सेंटर के पास बेसमेंट में लाइब्रेरी चलाने की अनुमति भी नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *