कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि रायबरेली में मां सोनिया गांधी का भाषण उनके लिए भावुक पल था। राहुल गांधी, जो कि रायबरेली से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार हैं, ने सोनिया गांधी के भाषण का एक वीडियो साझा किया और कहा, “यह पल मेरे लिए बहुत ही भावुक कर देने वाला था! मां ने रायबरेली की 100 वर्षों की सेवा की परंपरा का ध्वज आज मुझे भरोसे के साथ सौंप दिया। मैं गर्व के साथ यह ज़िम्मेदारी स्वीकार करता हूं और वादा करता हूं कि मां के कहे एक-एक शब्द का मान रखूंगा।”
https://x.com/RahulGandhi/status/1791457140869398614
इससे पहले शुक्रवार को सोनिया गांधी ने रायबरेली में कहा था कि वह अपने बेटे (राहुल गांधी) को रायबरेली को सौंप रही हैं और साथ ही कहा था, ”राहुल आपको निराश नहीं करेंगे।”
उन्होंने 20 साल तक सांसद के रूप में क्षेत्र की सेवा करने का मौका देने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, “मेरे पास जो कुछ भी है वह सब आपका दिया हुआ है। इसलिए, भाइयों और बहनों, मैं आपको अपना बेटा दे रही हूं।” उन्होंने लोगों से कहा कि वे राहुल गांधी को उसी तरह अपना मानें जैसे उन्होंने उन्हें अपना माना है।
एक संयुक्त चुनावी रैली में मंच पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ खड़े होने पर सोनिया गांधी ने कहा, “राहुल आपको निराश नहीं करेंगे।”
उन्होनें कहा, “मैंने राहुल और प्रियंका को वही सबक सिखाया जो इंदिरा गांधी और रायबरेली के लोगों ने मुझे सिखाया था। सभी का सम्मान करना, कमजोरों की रक्षा करना और लोगों के अधिकारों के लिए अन्याय के खिलाफ लड़ना। डरो मत, क्योंकि आपके संघर्ष और परंपराओं की जड़ें बहुत गहरी हैं।”
सोनिया गांधी ने कहा, ”न केवल जीवन की कोमल यादें, बल्कि मेरे परिवार की जड़ें भी पिछले 100 वर्षों से इस मिट्टी से जुड़ी हुई हैं…मां गंगा जैसा पवित्र ये रिश्ता अवध और रायबरेली के किसानों के साथ है। इसकी शुरुआत एक आंदोलन से हुई और यह आज तक जारी है।”
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को रायबरेली में मतदान होगा।
