अरविंद केजरीवाल का ‘अमित शाह बनेंगे पीएम’ दावा; बोले, ‘मोदी ने कभी नहीं कहा कि वह 75 साल की उम्र में रिटायर नहीं होंगे’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक बार फिर अपना दावा दोहराया कि 2025 में नरेंद्र मोदी के 75 वर्ष के होने के बाद अमित शाह प्रधानमंत्री बनेंगे और कहा कि प्रधानमंत्री ने कभी नहीं कहा कि वह 75 वर्ष के होने के बाद सेवानिवृत्त नहीं होंगे। लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल ने कहा कि जब उन्होंने नई दिल्ली में पीएम मोदी की उम्र और सेवानिवृत्ति का मुद्दा उठाया था, तो अमित शाह और कई अन्य नेताओं ने इसका विरोध किया था, लेकिन पीएम मोदी ने कभी नहीं कहा कि वह 75 साल की उम्र में रिटायर नहीं होंगे। केजरीवाल ने कहा, ”पूरे देश को भरोसा है कि मोदी 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट की उम्र का नियम नहीं तोड़ेंगे।”

केजरीवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा नहीं कहा है कि वे 75 साल की उम्र में इस्तीफा नहीं देंगे। पीएम मोदी का ये नियम उन्हीं के द्वारा बनाया गया है और मुझे उम्मीद है कि वे अपने नियम को फॉलो करेंगे, नहीं तो लोग कहेंगे कि पीएम मोदी ने ये नियम लालकृष्ण आडवाणी को हटाने के लिए बनाया था।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, “अमित शाह के प्रधानमंत्री बनने के लिए मंच तैयार हो चुका है। उनके लिए बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान, डॉ. रमन सिंह, वसुंधरा राजे, मनोहर लाल खट्टर, देवेन्द्र फड़नवीस जैसी हर चुनौती को दरकिनार कर दिया है। अब एकमात्र चुनौती योगी आदित्यनाथ हैं, जिन्हें 2-3 महीने के भीतर हटा दिया जाएगा।”

उन्होनें यह भी कहा, “जब मैंने कहा था कि सीएम योगी को हटा दिया जाएगा, इस पर किसी भाजपा नेता की टिप्पणी नहीं आई। उनका हटना अब लगभग तय है।”

केजरीवाल ने कहा कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो बीजेपी की ‘बड़ी योजना’ आरक्षण खत्म करना है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “आज लखनऊ में मैं उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से INDIA गठबंधन को वोट करने के लिए अपील करने आया हूं। मैं 4 बातें रखना चाहता हूं-

1) इस चुनाव में PM मोदी अपने लिए नहीं अमित शाह के लिए वोट मांग रहे हैं।
2) अगर ये लोग जीत गए तो योगी आदित्यनाथ को 2-3 महीने में CM पद से हटा दिया जाएगा।
3) अगर ये जीत गए तो इनकी पूरी तैयारी है कि ये संविधान बदलकर SC,ST, OBC का आरक्षण खत्म कर देंगे।
4)देश भर से जो आंकड़े आ रहे हैं वह दिखा रहे हैं कि 4 जून को INDIA गठबंधन की सरकार बनने वाली है।

वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “140 करोड़ की जनता इस बार इन्हें(भाजपा) 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में ये 99 सीटों के खेल में उलझ जाएंगे, यहां उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा।”

बता दें कि तिहाड़ से बाहर आने के बाद अपनी पहली रैली में केजरीवाल ने कहा था कि बीजेपी को वोट देने का मतलब अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देना होगा क्योंकि नरेंद्र मोदी 2025 में 75 साल के हो जाएंगे और पार्टी के नियम के मुताबिक 75 साल से ज्यादा उम्र का कोई भी व्यक्ति प्रधानमंत्री पद पर नहीं रह सकता है। अमित शाह ने केजरीवाल के दावे का जवाब देते हुए कहा था कि नरेंद्र मोदी अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और 2029 के बाद भी पार्टी का नेतृत्व करेंगे।

अमित शाह ने केजरीवाल पर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, “मैं अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी को बताना चाहता हूं कि आपको मोदी जी के 75 साल के होने पर खुश होने की जरूरत नहीं है। बीजेपी के संविधान में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। वह प्रधानमंत्री बनेंगे और अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। पार्टी में कोई भ्रम नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *